वार्षिकोत्सव में थिरके छात्र-छात्राएं
50 साल पूरे होने पर पीजी कालेज में मना गोल्डन जुबली, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा।
भास्कर न्यूज - धमतरी
पीजी कालेज के स्थापना को 50 वर्ष पूरे होने पर गोल्डन जुबली समारोह एवं वार्षिकोत्सव का आयोजन हुआ। समारोह में पीजी कालेज के साथ नगरी, कुरुद, मगरलोड के छात्रों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में हो हल्ला के साथ खूब सीटियां भी बजी। दिनभर कालेज गीतों से गूंजता रहा। अतिथियों के लंबे उद्बोधन के कारण छात्रों में नाराजगी थी, जो हल्ला मचाते रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। प्रस्तुति देने कुरुद, नगरी, मगरलोड के छात्र-छात्राएं भी पहुंचे। हिन्दी फिल्मी गीतों के साथ छत्तीसगढ़ी गानों की धुन पर छात्र-छात्राएं खूब थिरके। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष बालाराम साहू थे। उन्होंने छात्रों को गोल्डन जुबली की बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्िरम अध्यक्ष महेंद्र पंडित ने कहा कि हमेशा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढना है।
इसके लिए मेहनत, प्रयास, धैर्य की आवश्यकता होती है।
उन्होंने छात्रों को पर्यावरण के क्षेत्र में भी काम करने का आह्वान किया। विशेष अतिथि के रुप में सेवानिवृत्त प्राध्यापक सनत शर्मा, अनंत दीक्षित, अंजलि दुबे, डिपेंद्र साहू, मनोज सोनी, प्राचार्य चंद्रशेखर चौबे उपस्थित थे।
बाहरी लोगों को नहीं मिला प्रवेश
कालेज के कार्यक्रमों में बाहरी युवक उत्पात मचाते हैं,जिनसे कार्यक्रम में व्यवधान आता है। इसी के चलते प्राचार्य के निर्देश पर इस साल किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया गया। इतना ही नहीं कालेज के नियमित छात्र जो अपना प्रवेश कार्ड लेकर नहीं पहुंचे थे, उन्हें भी प्रवेश नहीं दिया गया।
धमतरी. सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देती प्रतिभागी छात्राएं।
धमतरी. कार्यक्रम में उपस्थित कॉलेज के छात्र-छात्राएं।
आयोजन - पीजी कॉलेज ने मनाया गोल्डन जुबली समारोह