- Hindi News
- सब स्टेशन के लिए 1500 पेड़ों को काटने की अनुमति मिली
सब स्टेशन के लिए 1500 पेड़ों को काटने की अनुमति मिली
पिछले दिनों टॉवर लगाने में बाधा बन रहे पेड़ों को काटने की अनुमति नहीं मिलने के कारण काम रोक दिया गया था
भास्कर न्यूज - गरियाबंद
करोड़ों रुपए की लागत से बन रहे 132 केबी के विद्युत सब स्टेशन में रोड़ा बन रहे पेड़ों को काटने की एनओसी मिल गई है। पिछले दिनों टॉवर लगाने में बाधा बन रहे पेड़ों को काटने की अनुमति नहीं मिलने के कारण काम रोक दिया गया था। कलेक्टर की अनुमति के बाद एसडीएम ने भी पेड़ कटाई की अनुमति विद्युत विभाग को दे दी है।
उल्लेखनीय है कि वन और राजस्व भूमि में शासकीय और किसानों के 1500 पेड़ आ रहे हैं। पिछले दिनों भास्कर ने इस जनहित के इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया था जिसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाई। जिला बनने के दो साल बाद बिजली के मामले मे सबसे ज्यादा अंतिम छोर देवभोग ब्लॉक के 94 ग्राम के ग्रामीण परेशान हैं। बताना जरूरी है कि लो-वोल्टेज और बिजली घंटों बंद होने की समस्या आज भी व्याप्त है। 132 केबी का कार्य होने से बिजली भरपूर मिलेगी। गरियाबंद क्षेत्र को वर्षों से महासमुंद जिले से बिजली आपूर्ति हो रही है।
लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूर्णता की ओर है। सब स्टेशन का कार्य प्रगति पर है। गरियाबंद के नजदीक ग्राम सढ़ौली के पास 132 केबी का सब स्टेशन बन रहा है। पेड़ कटाई और किसानों को मुआवजा देने का मामला प्रशासन के पास लंबे समय से लंबित था जिसके कारण 132 केबी के विद्युत टॉवर लगाने का काम रोक दिया गया था।
विद्युत विभाग के कार्यपालन यंत्री एमके वर्मा ने बताया कि कलेक्टर के बाद
एसडीएम ने भी एनओसी दे दी है। इससे तय है कि अब तक नहीं लगे 22 टॉवर लगना शुरू हो जाएंगे। वन और राजस्व भूमि में शासकीय और किसानों के 1500 पेड़ आ रहे हैं। राजस्व में अनुमति का मामला सुलझ
गया था लेकिन बारूका के पास वन क्षेत्र में पेड़ों की कटाई का मामला अनुमति के
लिए भोपाल भेजा गया था। अब विभाग के अफसर भोपाल से अनुमति लेने के लिए सक्रिय हो गए हैं।
९ जनवरी को प्रकाशित खबर