हादसे में बच्चे की मौत के बाद चक्काजाम
भास्कर न्यूज - चारामा
शहर से दो किमी दूर ग्राम माहुद लैम्पस के सामने नेशनल हाईवे पर दोपहर लगभग 12 बजे कांकेर की ओर से तेज रफ्तार से आ रही रायल ट्रेवल्स की बस ने साइकिल से जा रहे 12 वर्षीय चेतन कुमार दयाराम गांड़ा निवासी व्यासकोंगेरा को चपेट में ले लिया। अस्पताल ले जाते समय बच्चे की मौत हो गई। मासूम की मौत से गुस्साई भीड़ ने साढ़े तीन घंटे तक चक्काजाम कर दिया। जाम के दौरान स्कूली बच्चों ने सड़क पर ही मध्यान्ह भोजन भी किया। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतार लगी रही।
हादसे के बाद बस लेकर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ था, ग्रामीणों ने 108 की सहायता से बच्चे को तत्काल चारामा अस्पताल के लिए रवाना किया, लेकिन रास्ते में ही बच्चे ने दम तोड़ दिया। इससे आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। इसमें पुरूषों के साथ बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं ने चक्काजाम का मोर्चा संभाला। गुस्साए लोगों ने बड़े वाहनों के साथ-साथ दोपहिया वाहनों को भी जाने नहीं दिया। खबर लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी एलडी दीवान ने लोगों को समझाकर चक्काजाम हटाने का प्रयास किया लेकिन आक्रोशित भीड़ कलेक्टर, एसडीएम को मौके पर बुलाने की बात पर अड़ी रही।
कुछ देर बाद स्कूली बच्चे भी चक्काजाम में शामिल हो गए। मामला बिगड़ता देख एक घंटे बाद तहसीलदार चारामा पहुंचे। गुस्साए ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों ने उनकी एक नहीं सुनी। ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर स्पीड ब्रेकर एवं मृतक के परिवार को तत्काल मुआवजा देने की मांग की। तहसीलदार ने लिखित आश्वासन दिया, लेकिन फिर भी ग्रामीण नहीं माने। पुलिस प्रशासन ने तत्काल रेत, गिट्टी एवं सीमेंट से स्पीड ब्रेकर बनाने गिट्टी मंगवाई गई जिसे लोगों ने नकार दिया तथा डामर का पक्की ब्रेकर की मांग की। लगभग साढ़े तीन घंटे तक चक्काजाम चलता रहा तथा घटनास्थल पर डामर का स्पीड ब्रेकर बनाने का कार्य शुरू करने के बाद जाम समाप्त हुआ।
चारामा . बच्चे की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने कर दिया चक्काजाम जिसके दौरान सड़क पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई थी।
मेला देखने आया था छात्र
मृतक चेतन कुमार ग्राम व्यासकोंगेरा का निवासी था, जो ग्राम करिहा स्कूल में कक्षा 7वीं अध्ययन कर वहीं के छात्रावास में निवासरत था। चारामा मेला देखने वह अपने दोस्त अनिल ध्रुव के घर ग्राम माहुद आया था। मंगलवार को वह राष्ट्रीय राजमार्ग में लगी दुकान में सामान खरीदने के लिए आया था। सामान लेकर वापस जाते समय बस की चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने बताया की उक्त स्थान पर कई हादसे हो चुके हैं जिसमें कई बेकसूर लोगों की जान जा चुकी है।