पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बेजा कब्जा नहीं हटाने पर आमरण अनशन की चेतावनी

बेजा कब्जा नहीं हटाने पर आमरण अनशन की चेतावनी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - हतबंध
नगर में बढ़ रहे बेजा कब्जा के खिलाफ शासन प्रशासन द्वारा किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं किए जाने पर ग्राम पंचायत हतबंध के उप सरपंच अशोक दुबे ने आमरण अनशन की चेतावनी दी है। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर बलौदाबाजार, एसडीएम भाटापारा, तहसीलदार व थाना प्रभारी सिमगा को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में कहा गया है। कि ग्राम पंचायत में विगत कई वर्षों से बेजा कब्जा की घटनाएं बढ़ती जा रही है। इसके कारण स्वीकृत शासकीय स्कूल भवन के लिए जगह नहीं बची है। इसके चलते पंचायत के हाट बाजार जिससे लाखों को आय होती है इसके लिए भूमि की कमी है।
बाजार रेलवे परिसर में बैठने के लिए मजबूर है। पंचायत की बाजार की भूमि पर कुछ दबंग लोगों ने कब्जा कर वहां दुकान बनाकर किराए पर दे दिया है। इसी प्रकार स्कूल की जमीन पर भी अवैध कब्जा कर लिया गया है। यहां बच्चों के खेलने के लिए खेल का मैदान भी नहीं बचा है। स्कूल परिसर के आस पास असमाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। जिससे स्कूल आने जाने में छात्राओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं गोठान एवं पंचायत द्वारा आबंटित थाना की जमीन पर भी बेजा कब्जा कर लिया गया है। इसका प्रकरण न्यायालय में लंबित है।
वार्ड क्र 6 में अनुसूचित जाति, जनजाति छात्रावास एवं आश्रम के लिए आरक्षित जमीन पर भी बेजा कब्जा कर लिया गया है। इस संबंध में तहसीलदार सिमगा से शिकायत की गई थी लेकिन आज पर्यंत कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
इसके चलते यहां के बेजा कब्जाधारियों के हौसले बुलंद हैं। सौंपे गए ज्ञापन में प्रशासन से बेजा कब्जा के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की गई। ग्राम पंचायत के उप सरपंच अशोक दुबे ने 30 जनवरी तक कार्रवाई नहीं होने पर आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है।