- Hindi News
- कुपोषण के दुष्चक्र को तोडऩा ही सरकार का लक्ष्य : रमन सिंह
कुपोषण के दुष्चक्र को तोडऩा ही सरकार का लक्ष्य : रमन सिंह
भास्कर न्यूज - कांकेर
कुपोषण उन्मूलन कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए मंगलवार को यहां मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़, समृद्ध छत्तीसगढ़ का निर्माण करना ही राज्य शासन का लक्ष्य है। इसी को आधार मानते जिले में कुपोषण उन्मूलन कार्यक्रम की शुरुआत की जा रही है। यदि किशोरी बच्चियां स्वस्थ रहेंगी तो वे स्वस्थ माता बनेगी और माता यदि स्वस्थ रहेगी तो स्वस्थ बच्चा होगा।
बच्चा यदि स्वस्थ और तंदुरूस्त रहेगा तो मजबूत मानव संसाधन उपलब्ध होगा और प्रत्येक दिशा में राज्य की तरक्की होगी। उन्होंने कहा कि सड़क-पुल-पुलिया-भवन तो बनते ही रहते हैं, लेकिन स्वस्थ समाज अधिक जरूरी होता है। यदि बच्चे के स्वास्थ्य में गिरावट आई और इलाज समय पर नहीं मिल पाया तो बच्चे के साथ ही साथ परिवार का जीवन भी परेशानियों से घिर जाता है।
300 रुपए बोनस : इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि कृषकों को 300 रुपए बोनस के साथ ही सभी किसानों को अटल खेतिहर बीमा योजना के तहत इसी वर्ष से बीमा का लाभ मिलने लगेगा। बेरोजगारों को कम ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
जंगलवार कालेज को बनाएंगे नंबर एक सेंटर : इसके पूर्व जंगलवार कालेज में द्रोणाचार्य भवन का लोकापर्ण करते कहा कि ताड़मेटला कांड के बाद नक्सल समस्या को लेकर एक चिंतन की जरूरत थी।
नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब देने ऐसा प्रशिक्षण जरूरी है। कांकेर के जंगलवार कालेज से प्रशिक्षण लेने के बाद यहां से निकले जवानों में जंगल का भय समाप्त हो जाता है। दुश्मन से लडऩे आत्मविश्वास बढ़ता है। जवान यहां से उर्जा व शक्ति लेकर निकलते हैं। ट्रेनिंग के बाद यहां से निकले जवानों में आत्म विश्वास स्पष्ट रूप से नजर आता है।
अगर हम पिछले पांच सालों की तुलना करें तो नक्सली हमलों में जवानों के शहीद होने संख्या में कमी आई है। बारूदी सुरंग विस्फोटों में कमी आई है। एनकाउंटर की संख्या बढ़ी है और नक्सली पस्त हुए हैं। नक्सलियों का मनोबल टूटा है और वे आत्मसमर्पण की ओर प्रेरित हो रहे हैं।
कांकेर के जंगलवार ट्रेनिंग सेंटर को खड़ा करने में जो परिश्रम व पसीना बहाया गया है उसे बेकार जाने नहीं दिया जाएगा। कांकेर के जंगलवार जैसी संस्था का पूरे हिंदुस्तान में कोई मुकाबला नहीं है और इसे दुनिया का सर्वश्रेष्ठ संस्था बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। इसी कड़ी में गृह मंत्री राम सेवक पैकरा, डीजीपी राम निवास तथा मुख्य सचिव सुनिल कुमार ने भी संबोधित किया। जंगलवार कालेज के डायरेक्टर ब्रिगेडियर बीके पोनवार ने संचालन करने बताया कि अब तक यहां से 27 हजार जवान प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। जिसमें 12 आईपीएस भी शामिल हैं तथा उनमें से 6 ने राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त किए हैं। इस 26 जनवरी में तीन जवानों को उनकी बहादुरी के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया है। कालेज में जवानों को ट्रेनिंग देने युद्ध के हूबहू पूरे हालात मौजूद हैं जिसमें उन्हें युद्ध कला सिखाई जाती है।
फोटो संलग्न
--------------------
शहरी नेटवर्क में भाजपा के लोग नहीं
कार्यक्रम के बाद प्रेस से चर्चा करते मुख्यमंत्री ने नक्सलियों के शहरी नेटवर्क के संबंध में कहा कि धीरे धीरे सूचनाएं भी मिल रही है तथा उसका उपयोग भी कर रहे हैं। शहरी नेटवर्क को कैसे तोड़े इस पर पुलिस ने काम भी किया है जिसमें कुछ बड़ी सफलता मिली है आगे और भी सफलता मिलेगी। शहरी नेटवर्क में भाजपा के नेताओं के नाम सामने आने के संबंध में कहा कि शहरी नेटवर्क में भाजपा के नेता या कार्यकर्ता शामिल नहीं है।
सवा लाख परिवारों को नए राशन कार्ड
कोई भी बच्चा रोग से ग्रसित नहीं होगा इसके लिए विशेष प्रयास हमारा लक्ष्य है। जिले के 10 वन ग्रामों को राजस्व ग्राम बनाते हुए यहां के 500 लोगों को वनाधिकार पट्टा दिया जाएगा। जिले में नया राशन कार्ड एक लाख 28 हजार परिवार को उपलब्ध कराया गया है इन परिवारों को सस्ते दरों पर अनाज उपलब्ध होगा। राज्य सरकार ने महिला स्व सहायता समूहों को कम ब्याज में ऋण उपलब्ध कराकर उनके सशक्तिकरण में और मजबूती लाने सतत प्रयास किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव से गांव को जोडऩे सीसी सड़क, ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार की व्यवस्था करना सरकार की प्राथमिकता होगी। दो लाख से अधिक बेरोजगार युवाओं को प्रशिक्षित कर स्वरोजगार से जोडऩे के प्रयास कौशल उन्नयन के तहत किया जा रहा है।