विस में गूंजेगा फर्जीवाड़ा का मामला
धमतरी - जिले में सहायक ग्रेड 3 की भर्ती में खुलकर फर्जीवाड़ा किया गया। नियमों को दरकिनार कर चहेतों की पोस्टिंग कर दी गई। मामले का खुलासा होते ही हड़कंप मच गया है। फर्जीवाड़ा को ले 3 फरवरी को विधानसभा में कांग्रेस विधायक सरकार को घेरेंगे। सितंबर 2013 में जिला प्रशासन ने सहायक ग्रेड 3 के रिक्त पदों पर भर्ती शुरू किया।
117 पदों के लिए सैकड़ों अभ्यर्थियों ने आवेदन किए। भर्ती को लेकर शुरू से मनमानी की जा रही थी। मेरिट सूची जारी होने के बाद दोबारा कौशल परीक्षा ली गई, पश्चात चयनित अभ्यर्थियों की अंतरिम सूची जारी की गई। पोस्टिंग के लिए सभी अभ्यर्थियों को 30 व 31 जनवरी को काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया है, लेकिन इसके पहले ही अधिकारियों के पुत्र-पुत्री व एक कद्दावर नेता के करीबी को 23 जनवरी को ही पोस्टिंग दे दी गई। इस फर्जीवाड़ा को लेकर जिलेवासियों में आक्रोश है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेश बघेल, धमतरी विधायक गुरुमुख सिंह होरा ने भास्कर से आदेश की कापी व डिटेल मांगा है, जिसे वे सुबूत के साथ विधानसभा में उठाकर जांच कार्रवाई की मांग करेंगे।
कुरुद के पूर्व विधायक लेखराम साहू ने भी शासन से जांच की मांग की है।