कुचल रहा जनहित बनाएं नागरिक समिति
बायपास मांग ठंडे बस्ते में, नागरिक कह रहे राजनीति बंद होगी तभी बनेगा।
भास्कर न्यूज - धमतरी
बायपास की मांग एक बार फिर ठंडे बस्ते में चली गई है। प्रमुख मांग को छोड़ अब वैकल्पिक व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है। बढ़ती दुर्घटनाएं ट्रैफिक दबाव के चलते शहर का नेशनल हाइवे खतरनाक हो गया है। जनहित के इस मुद्दे पर भी राजनीति हो रही है, जिससे नागरिकों में आक्रोश भड़क रहा है। आम नागरिक अब नागरिक समिति बनाकर आवाज उठाने की बात कह रहे हैं।
आंदोलन जरुरी
छात्रा सैफाली सेनानी का कहना है कि नेशनल हाइवे में ट्रैफिक दबाव बहुत ज्यादा है। बायपास तो होना ही चाहिए। बायपास निर्माण में शासन व जनप्रतिनिधि अनदेखी कर रहे हैं। इतनी दुर्घटनाएं, मौत होने के बाद भी कुछ नहीं हो रहा। नेता सिर्फ बोलते हंै काम करते नहीं। इसके लिए अब छात्रों के साथ शहर के आम नागरिकों को मिलकर आंदोलन करना चाहिए।
जागरुक करना होगा
छात्र मो रिजवान रजा ने कहा कि बायपास सड़क सब की जरुरत है। इससे दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा। सड़क में ट्र्रैफिक बहुत बढ़ गया है। जनप्रतिनिधि इस ओर लापरवाही बरत रहे। अब नागरिकों को ही जागरुकता दिखाते हुए आंदोलन करना चाहिए। शहर के नेशनल हाइवे में कई छात्रों की जान जा चुकी है। दुर्घटनाओं का दौर निरंतर जारी है। शहर के इस आवश्यक मांग को जल्द से जल्द पूरा करना चाहिए।
समिति बनाएं
व्यवसायी मूलचंद लोढ़ा ने कहा कि बायपास के लिए राजनीति चल रही है, जबकि शहर विकास में राजनीति होनी ही नहीं चाहिए। बायपास नहीं बन रहा इसके लिए शासन व यहां के जनप्रतिनिधि दोषी हंै। राजनीति के चलते इसे मंजूरी मिलना मुश्किल है, इसलिए नागरिक समिति बनाकर पहल करनी चाहिए, नहीं तो लोगों की जान जाती रहेगी।
आक्रोश - बायपास नहीं बनने से नागरिकों में रोष