- Hindi News
- कांग्रेसियों ने ब्रिज पर मोमबत्ती जलाकर किया प्रदर्शन
कांग्रेसियों ने ब्रिज पर मोमबत्ती जलाकर किया प्रदर्शन
डोंगरगढ़ - युवा कांग्रेस नेता नवीन अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने नगर के एकमात्र ओवरब्रिज में ५०० मोमबत्ती जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। ज्ञात हो कि गत १५-२० दिनों से बिजली बिल का भुगतान नही होने की वजह से ओवरब्रिज का विद्युत कनेक्शन काट दिया गया है, जिससे ओवरब्रिज की लाइटें बंद पड़ी हैं और ब्रिज में अंधेरा पसरा हुआ है।
ब्रिज में चलना है तो गाडिय़ों की हेड लाइटों के सहारे चला जा सकता है। इसके बाद भी प्रशासन के आला-अधिकारी चुप्पी साधे बैठे है। युवा कांग्रेसी नवीन अग्रवाल ने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा दो-तीन दिनों के भीतर लाइट चालू नहीं की जाती है तो इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा। भास्कर ने इसके पूर्व ब्रिज की लाइटें बंद होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था, जिसका खामियाजा नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान आलोक सोनी, शोएम कुरैशी, अनिमेष सिंह, आशीष शर्मा, सुमीत यादव, नसीम खान, उमंग, आशुतोष, आशीष सिंह, पंकज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।