गौरव पथ की मरम्मत के लिए करेंगे आंदोलन
कांकेर - कोमलदेव क्लब से मुक्तिधाम तक निर्मित गौरवपथ सड़क बेहद जर्जर हो चुकी है। इस मार्ग पर बसे अन्नपूर्णापारा सुभाष वार्ड एवं गंगानगर के वार्डवासियों ने प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों से सड़क की मरम्मत कराने मांग की लेकिन मात्र आश्वासन ही मिल रहा है।
इसे लेकर 28 जनवरी को अन्नपूर्णापारा पार्षद विजय यादव के अलावा तारणी सोनी, मुरली श्रीवास्तव, चंगेज खान, टिकेंद्र ठाकुर आदि ने फिर से कलेक्टर से भेंटकर सड़क पुनर्निर्माण कराने आग्रह किया। कलेक्टर ने शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कराने आश्वासन दिया था लेकिन अब तक मरम्मत शुरू नहीं हुई है जिसे लेकर वार्डवासियों में नाराजगी है। पार्षद श्री यादव ने कहा अगर शीघ्र ही मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया तो वार्डवासियों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।