- Hindi News
- बायपास के लिए देरी, खून से सन रही नेशनल हाइवे
बायपास के लिए देरी, खून से सन रही नेशनल हाइवे
भास्कर न्यूज - धमतरी
शहर का अतिआवश्यक बायपास राजनीति के चलते उलझ गया है। 15-20 साल पहले की मांग आज जरुरत बन गई, फिर भी बायपास कोसो दूर है। शासन, प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से बायपास नहीं बन पा रहा। बायपास की देरी से नागरिकों में भी आक्रोश है। आए दिन सड़कें खून से लाल हो रही है। शहर के नागरिक जनप्रतिनिधियों को इसमें दोषी बता रहे हैं।
जनता आगे आएं
व्यवसायी रितेश जैन ने कहा कि शहर का नेशनल हाइवे खतरनाक हो गया है। सड़क में डर लगता है। बच्चों को लेकर अक्सर डर बना रहता है। बायपास बहुत जरुरी है, जो राजनीति के कारण अटकी हुई है। नहीं बनने के पीछे नेता ही दोषी कहलाएंगे। अब आम जनता को बायपास के लिए आंदोलन करना चाहिए।
दूसरे जिलों में बन रहा
नागरिक रामकुमार देवांगन का कहना है कि बायपास कब का बन जाना था। इसमें दोषी नेता ही है। बायपास दूसरे जिलों में बन रहा, यहां क्यों मंजूरी नहीं मिल रही। जनसंख्या के साथ वाहनों की संख्या भी बढ़ गई। ट्रेफिक दबाव से दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। जनता की समस्याएं यहां दूर ही नहीं हो रही।
प्रशासन दोषी
नागरिक सुरेंद्र कुमार देवांगन ने बताया कि बायपास अब जरुरी हो गया है। हाइवे में स्कूल, बस स्टैंड के साथ सैकड़ों मकान, दुकान संचालित है। हाइवे में ट्रेफिक का दबाव बीते 10 वर्ष में 4 गुणा बढ़ा है। इस स्थिति में शहर से बाहर तक बायपास बनना ही चाहिए। प्रशासन इसके लिए दोषी है, जो नागरिक समस्या को दरकिनार कर रही है।
धमतरी. शहर से गुजरे नेशनल हाइवे में बढ़ता जा रहा ट्रैफिक दबाव।
बायपास नहीं बनने से नागरिकों में आक्रोश, कहा- बाकी जिलों में बन गया, यहां क्यों अटका है, अब तक नेशनल हाइवे ३० में गई सैकड़ों जानें