सट्टे पर सख्त कार्रवाई करे पुलिस
भास्कर न्यूज - भाटापारा
जनपद पंचायत के सभागार में करीब डेढ़ दर्जन से अधिक विभागों की समीक्षा बैठक विधायक शिवरतन शर्मा ने ली। 12 बजे से प्रारंभ हुई बैठक दोपहर 3 बजे तक चली। बैठक में सभी विभागों की क्रमश: समीक्षा की गई।
शिवरतन शर्मा ने कहा कि दस सालों में भाटापारा क्षेत्र में परिवर्तन हुआ है एवं भाजपा की शासन की मंशा के अनुरूप ही कार्य हो। बैठक में उन्होंने कई विभागों की कार्यप्रणाली पर कड़ा रूख अख्तियार किया जिससे कई अधिकारी भारी पेसोपेश में दिखे। उन्होंने कहा कि वरली सट्टा एवं किक्रेट सट्टा चाहे छोटा हो या बड़ा सख्ती से उस पर कार्रवाई की जाए क्योंकि मै नहीं चाहता कि यह मामला पुलिस के हाई पर लेवल तक जाए।
उन्होंने इस संबंध में अनुविभाग स्तर पर ही हल करने के कड़े निर्देश जारी किये। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में वे जहां भी जा रहे हैं ऐसा कोई गांव अछूता नहीं है जहां अवैध शराब न बिकती हो, पुलिस को पर्याप्त अधिकार है वह इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। आबकारी विभाग की भी उन्होंने इस संबंध में जमकर खोजखबर ली। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जो भी एक्सीडेंट के केस हो रहे हैं उसमें 90 प्रतिशत से अधिक शराब पीकर चलाने वालों की संख्या है। शराब पीकर चलाने वालों के खिलाफ भी पुलिस सख्ती बरते।
उन्होंने कहा कि एसडीओपी राजेश खरे को सट्टा अवैध शराब के खिलाफ कड़ी कार्यवाही के सीधे निर्देश जारी करेंगे शर्मा ने यह भी कहा कि अवैध शराब क्षेत्र के मोपका जैसे बड़े ग्राम जहां पर दस स्थानों से अधिक स्थानों पर अवैध शराब बेची जा रही है ,इसके अलावा सेमरिया ,बोरसी, जैसे गांव भी शामिल हैं। वहीं राजस्व विभाग की समीक्षा के मुद्दे पर उनका कहना था कि नामांतरण अविभाजित नामांतरण ,सीमांकन , निवास जाति प्रमाण पत्र जैसे मामलों को न झुलाए जाएं, इसका तत्काल ही निराकरण किया जाए। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में गौठान मरघट,या शासकीय जमीन पर जो बेजा कब्जा की कार्यवाही होती है उस पर फौरन निर्णय हो।
उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग, भाटापारा शाखा नहर जो कि इस क्षेत्र की लाइफ लाइन है एवं पिछले बारिश में क्षेत्र के करीब 12 गांव लावर मोहभटठा ,धोधा, हथबंध, सीतापार क्षेत्र में पानी पहुंचा था इस बार बारिश में तरेंगा मर्राकोना तक पानी पहुंचे। हथबंध एवं सेंटमेरी स्कूल के पास जल्द ही पुल का निर्माण कराकर पानी लाने का प्रयास होगा क्योंकि भाटापारा शाखा नहर उनकी बडी प्राथमिकता है। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए उनका कहना था कि इसमें अब यह व्यवस्था होनी चाहिए जिस दिन डाक्टर की डयूटी हो उसमें डाक्टर सहित अन्य लोगों की डयूटी चार्ट लगाएं ताकि आने वाले मरीजों को पूछताछ न करनी पड़े। शिक्षा विभाग को भी उन्होंने हिदायत देते हुए कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के शिक्षक इस बात का ध्यान रखें वे समय पर स्कूल पहुंचें, क्योंकि शिकायतें है कि शिक्षक समय पर स्कूल नहीं आते।
इसके लिये बीईओ केएन वर्मा को निर्देश जारी किये गये। लोक निर्माण विभाग को जहां काम चल रहे है ंउसको जल्द ही पूरा कराए जाने का निर्देश जारी किये गये। खाद्य विभाग समय समय पर सहकारी समितियों की दुकानों की पड़ताल करें।