- Hindi News
- सरकार का विरोध, कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी आज
सरकार का विरोध, कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी आज
भानुप्रतापपुर - भाजपा सरकार की वादा खिलाफी के विरोध में 31 जनवरी को ब्लाक कांग्रेस कमेटी एक दिवसीय आर्थिक नाकेबंदी करेगी। नाकेबंदी कार्यक्रम सुबह 10 से शाम 5 बजे तक चलेगा। उक्त जानकारी देते हुए ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विमला ठाकुर ने बताया कि इसमें भानुप्रतापपुर, दुर्गूकोंदल, अंतागढ़ तथा कोयलीबेड़ा ब्लाक के कांग्रेसी शामिल होंगे। कांग्रेसियों की प्रमुख मांग भाजपा के पिछले कार्यकाल में धान के 270 रुपए बोनस देने की घोषणा में बचत 3880 करोड़ की राशि किसानों को भुगतान करने के साथ इस वर्ष उनकी घोषणा के अनुसार धान का मूल्य 2100 रुपए तथा 300 रुपए बोनस सहित 2400 रुपए प्रति क्विंटल करने तथा सभी किसानों को कृषि पंप के लिए मुफ्त बिजली प्रदाय करने सहित कई स्थानीय मांग शामिल है।
धरना देंगे व चक्काजाम करेंगे
कांकेर - कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव में अपने घोषणा पत्र में किसानों से धान का समर्थन मूल्य 2100 रुपये प्रति क्विंटल एवं 300 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिए जाने की घोषणा की थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद किसानों के साथ वादा खिलाफी कर रही है। जिसके विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी 31 जनवरी को नेशनल हाईवे माकड़ी में आर्थिक नाकेबंदी के तहत चक्का जाम करेंगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश ठाकुर ने बताया कि सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक धरना प्रदर्शन किया जाएगा।