मरीजों के परिजन अब नहीं भटकेंगे
46 लाख की लागत से 80 सीटर रैनबसेरा का होगा निर्माण।
भास्कर न्यूज - धमतरी
सरकारी अस्पतालों में भर्ती मरीजों के परिजनों को अब शहर में आश्रय के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। ऐसे लोगों के लिए जल्द ही शहर में रैनबसेरा बनेगा, जहां उन्हें आश्रय के साथ सब्सिडी में भोजन भी मिलेगा।
प्रदेश के जिलों में भटकने वाले यात्री एवं मरीजों के परिजनों के लिए रैनबसेरा बनाया जाना है। जिले में भी एक रैनबसेरा बनाने की स्वीकृति शासन से मिल गई है। नगर पालिका ने योजना बनाकर शासन को भेज दिया है। उप अभियंता सुशील बाबर ने बताया कि रैनबसेरा जिला अस्पताल के आसपास बनाएंगे। 46 लाख रुपए की लागत से महिलाओं एवं पुरुषों के लिए 80 सीटर रैनबसेरा का निर्माण कराया जाएगा। शासन को प्रपोजल बनाकर भेज दिए हैं। जिला अस्पताल के पास जगह ढूंढा जा रहा है। रैनबसेरा में मरीजों के परिजनों को सब्सिडी में भोजन भी मिलेगा।
मिलेगी राहत
जिला अस्पताल में धमतरी के साथ कांकेर, बालोद, दुर्ग जिले के भी मरीज पहुंचते हैं। दूर-दराज से पहुंचे मरीजों के परिजनों को काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ता है। कई को होटलो, रिश्तेदारों या अस्पताल के कोने में आश्रय लेना पड़ता है। रैनबसेरा बनने से ऐसे लोगों को काफी राहत मिलेगी।
धमतरी. मरीजों के परिजनों को रैन बसेरा बनने के बाद अस्पताल के इर्द-गिर्द नहीं भटकना पड़ेगा।
जिला अस्पताल के पास बनेगा ८० सीटर रैन बसेरा, नगर पालिका ने शासन को भेजा प्रस्ताव