मिनीमाता स्कूल में मना वार्षिकोत्सव
भास्कर न्यूज - कोरबा
मिनीमाता हायर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिक उत्सव व पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन व मिनीमाता की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया गया।
कल्याण शिक्षण समिति के सचिव दुष्यंत शर्मा ने खेलकूद की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हेल्थ इज वेल्थ, अर्थात स्वास्थ्य ही असली धन है। खेलकूद के माध्यम से हम हमेशा अपने शरीर को चुस्त दुरुस्त व निरोग रख सकते हैं। समिति के उपसचिव आरएस प्रधान ने कहा कि जिन छात्रों ने अपने स्कूल के वार्षिक खेलकूद में बेहतर प्रदर्शन कर स्थान बनाया है वे बधाई के पात्र हैं। स्कूल के प्राचार्य भोजेन्द्र सिंह ने छात्रों को खेलकूद में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बधाई देते हुए कहा कि आगामी बोर्ड परीक्षा में भी खेल की तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्कूल परिवार के साथ अपने माता पिता का नाम रौशन करें। अतिथियों के हाथों विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर इको क्लब के तत्ववाधान में आयोजित निबंध प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल व प्रशस्ति पत्र दिया गया। स्कूल के आदर्श शिक्षक अश्वनी चंदेल, आदर्श छात्र व छात्रा शशांक दुबे व उषा कंवर को नगद राशि व प्रशस्ति पत्र समिति के उपाध्यक्ष खिलाड़ी लाल पाण्डेय के पिता स्व.ताराचंद पाण्डेय की स्मृति में देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रामकुमार पाटस्कर, खिलाड़ी लाल पाण्डेय, संतोष तिवारी, सुनील गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन रामदास महंत ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में माधुरी सिंह, शशि सिंह, शशि प्रभा दुबे, माहेश्वरी, खुशबू, पूनम, चंद्रमा, मनोज, उर्मिला दुबे, इंद्रजीत कौर ने सहयोग किया।