पहले दिन अध्यक्ष के लिए तीन नामांकन
भास्कर न्यूज - कोरबा
जिला अधिवक्ता संघ चुनाव के लिए बुधवार को पहले दिन ५३ नामांकन पत्र जारी हुए। इसमें से 44 नामांकन पत्र जमा किए गए। नामांकन के पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए तीन व सचिव पद के लिए 5 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव की तिथि नजदीक आ रही है। इसके लिए नामांकन फार्म लेने व जमा करने के लिए 22 व 23 जनवरी की तिथि निर्धारित की गई है। बुधवार को पहले दिन निर्धारित समय दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक संभावित उम्मीदवारों ने ५३ नामांकन पत्र लिया था। पहले दिन ही निर्धारित समय तक ४४ नामांकन जमा भी हो गए थे। जिला अधिवक्ता संघ के मुख्य चुनाव अधिकारी आरएस अग्रवाल ने बताया कि पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवारों ने नामांकन जमा किया। इसमें गोपी कौशिक, विनोद कुमार व एसवी पुरोहित शामिल हैं। गोपी कौशिक की ओर से दो नामांकन जमा किया गया है। उपाध्यक्ष ((पुरूष)) पद के लिए राजेश कुमार यादव, सुरेश कुमार सिंह, चित्र भूषण पटेल, हारून सईद व बद्रीप्रसाद मोदी ने नामांकन भरे। हारून सईद की ओर से भी दो नामांकन पत्र दाखिल किया गया है। उपाध्यक्ष ((महिला)) के लिए राजेश्वरी राठौर, अरूणा श्रीवास्तव, कल्पना पाण्डेय, रजनी भारिया, मधु पाण्डेय व मीनू जोशी सहित 6 लोगों ने नामांकन जमा किया। जिला अधिवक्ता संघ के सचिव पद के लिए 5 उम्मीदवारों की ओर से नामांकन दाखिल किए गए है। पहले दिन सचिव पद के लिए नामांकन भरने वाले उम्मीदवारों में गणेश कुलदीप, शरद कुमार कारके, चंद्रदीप शर्मा, उपेन्द्र कुमार वर्मा व संतु प्रसाद साहू शामिल हैं। सह सचिव के लिए दिनेश कुमार साहू व दिनेश कुमार सिंह ने नामांकन भरा है। इसी तरह कोषाध्यक्ष पद के लिए भी अमरनाथ कौशिक व सोहनलाल साहू सहित दो लोगों के नामांकन आए है। सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव पद के लिए 7 उम्मीदवार व कार्यकारिणी के पांच पदों के लिए 6 पुरूष उम्मीदवार व 1 महिला उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल कर दिया था। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि 23 जनवरी को भी निर्धारित समय तक नामांकन पत्र भरने की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद 24 जनवरी को प्राप्त नामांकन पत्रों की सूक्ष्म जांच होगी। इसके बाद सूची का प्रकाशन किया जाएगा। स्क्रूटनी व दावा आपत्ति के पश्चात् 25 जनवरी को उम्मीदवारों की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
जिला अधिवक्ता संघ का चुनाव 2 फरवरी को होना है। इस बार चुनाव में ५७१ अधिवक्ता मतदान कर सकेंगे। उल्लेखनीय है कि संघ में कुल 7६७ पंजीकृत अधिवक्ता है। लेकिन चुनाव में ५७१ अधिवक्ता सदस्य ही मतदान करने के लिए पात्र है। अधिवक्ता संघ के चुनाव के लिए माहौल पहले से गरमाने लगा है। अधिवक्ताओं में चुनाव को लेकर काफी उत्साह है।
जिला अधिवक्ता संघ का चुनाव