- Hindi News
- भूविस्थापितों का आंदोलन रोजगार के आश्वासन पर हुआ समाप्त
भूविस्थापितों का आंदोलन रोजगार के आश्वासन पर हुआ समाप्त
भास्कर न्यूज - कोरबा
एनटीपीसी सीपत के रेल लाइन से प्रभावित भूविस्थापितों ने रोजगार का आश्वासन मिलने पर आंदोलन समाप्त कर दिया है। भूविस्थापितों ने 21 से 23 जनवरी तक आंदोलन करने की चेतावनी दी थी। पहले दिन रोजगार की मांग को लेकर भूविस्थापितों ने सीपत के लिए कोयला लेकर जाने वाली मालगाड़ी को दो घंटे तक रोक दिया था।
एनटीपीसी सीपत के लिए कोयला ढुलाई करने के लिए रेल लाइन बिछाने के लिए नवाडीह व उतरदा के ग्रामीणों की जमीन ली गई है। ग्राम नवाडीह व उतरदा के लगभग 30 भूविस्थापितों को नौकरी नहीं मिल पाई है। जिसे लेकर वे लंबे समय से अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। नौकरी की मांग को लेकर भूविस्थापितों ने 21 जनवरी को उतरदा में रेलवे पटरी के बीच सुबह 10.30 बजे से धरना शुरू कर दिया था। मालगाड़ी रोक दिए जाने के कारण सीपत पावर प्लांट के लिए कोयला परिवहन ठप हो गया था। भूविस्थापित बुधवार को भी आंदोलन के लिए मौके पर पहुंचे थे। लेकिन एनटीपीसी सीपत से पहुंचे अधिकारियों के साथ सकारात्मक बातचीत होने के कारण आंदोलन स्थगित कर दिया गया। एनटीपीसी सीपत के जनसूचना अधिकारी आलोक रणवीर, डीजेएम एके खडग़े, पाली तहसीलदार बी लकड़ा, कुसमुंडा थाना प्रभारी भान सिंह राठिया व हरदीबाजार चौकी प्रभारी धनीराम राठिया की मौजूदगी में भूविस्थापितों के साथ चर्चा हुई। जिसमें भूविस्थापितों को समझाइश दी गई। जिसमें यह तय हुआ कि जुलाई-अगस्त माह में हुई त्रिपक्षीय वार्ता के आधार पर निश्चित समयावधि के भीतर भूविस्थापितों को ठेके पर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इस आश्वासन के बाद भूविस्थापितों का आंदोलन समाप्त हो गया। चर्चा के दौरान अप्रिय स्थिति निर्मित न हो इसे देखते हुए मौके पर काफी संख्या में बल की तैनाती कर दी गई थी।
प्रबंधन व प्रशासन की मौजूदगी में हुई वार्ता