कोल डिस्पैच भी ठप किया था मजदूरों ने
कोरबा - बालको में हड़ताल का सिलसिला खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। वेज एग्रीमेंट के एरियर्स के भुगतान न होने से जहां पॉट रूम व कार्बन एरिया के ठेका कर्मी पिछले दो दिन से अनिश्चितकालीन हड़ताल में है।
वहीं बुधवार को सुनील हाइटेक नामक ठेका कंपनी के २५० से ज्यादा मजदूर वेज एग्रीमेंट नहीं होने से नाराज होकर हड़ताल पर चले गए थे। इस दौरान कोल डिस्पैच ठप हो गया था। इंटक के नेतृत्व में ही यह आंदोलन शुरू हुआ। इसकी जानकारी होते ही प्रबंधन के आला अफसर हरकत पर आए और आंदोलनकारियों से चर्चा शुरू की। उन्होंने 15 दिन के भीतर इस मसले से जुड़े सभी बिन्दुओं पर चर्चा कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया। इसके बाद भी मजदूर समाधान तत्काल करने की मांग को लेकर अड़े रहे। अंतत: इंटक नेताओं की समझाइश के बाद उन्होंने शाम 5 बजे के बाद हड़ताल समाप्त की। पावर प्लांट के संचालन के लिए कोल डिस्पैच एक महत्वपूर्ण कड़ी है। अगर मजदूर अपने हड़ताल की मांग पर अड़ जाते तो ५४० मेगावाट पावर प्लांट के सामने संकट खड़ी हो जाती। लेकिन अभी भी यह संकट पूरी तरह से नहीं टली है। इंटक महामंत्री जयपाल सिंह ने कहा है कि 15 दिन के भीतर अगर मसला नहीं सुलझा तो हम कड़ा रूख अख्तियार करेंगे।