मिडिल स्कूल गेवरा बस्ती भगवान भरोसे
कोरबा - गेवरा बस्ती में संचालित मिडिल स्कूल के खुलने व बंद होने का कोई समय तय नहीं है। भले ही शासन ने स्कूल खोलने व बंद करने के लिए समय निर्धारित किया है। लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण यहां के प्रधान पाठक अक्सर अनुपस्थित रहते हैं। ज्यादातर शिक्षक व शिक्षिकाएं स्कूल तक नहीं आते। इस बात का खुलासा गुरुवार को एकबार फिर हुआ जब पार्षद प्रतिनिधि व ग्रामीणों ने मिडिल स्कूल व प्रायमरी स्कूल का आकस्मिक निरीक्षण किया। पालक संघ के शत्रुघन ने बताया कि सुबह 11 बजे तक स्कूल में ताला लटका रहा। 11.10 बजे मिडिल स्कूल यूडीटी राजेश्वरी पाण्डेय व प्रायमरी शिक्षक राधा कश्यप पहुंची। उसके बाद बच्चों की प्रार्थना के लिए कतार लगाई गई। वहीं प्रधान पाठक बीसी सोनवानी, यूडीटी देशीराम जायसवाल, इंद्राणी पाण्डेय अनुपस्थित रहे। इसकी जानकारी तत्काल जनशिक्षा केन्द्र प्रभारी भारद्वाज को दी गई। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल के ज्यादातर शिक्षक 12 बजे के बाद आते हैं और दोपहर 3 बजे ताला लगाकर घर लौट जाते हैं। छेरछेरा के दिन तो दिनभर स्कूल में ताला लटका रहा। लेकिन कभी न तो सहायक आयुक्त, डीईओ और बीईओ स्कूलों के निरीक्षण के लिए क्षेत्र में आते है और न ही शिकायतों के संबंध में कोई कार्रवाई करते हैं।