आभार के बहाने शक्ति प्रदर्शन
भास्कर न्यूज - कोरबा
कांग्रेस ने शुक्रवार को सतनाम भवन टीपीनगर में कार्यकर्ता व मतदाता आभार सम्मेलन के बहाने लोकसभा चुनाव की तैयारी का आगाज किया। विधायक जयसिंह अग्रवाल की रिकार्ड जीत के बाद शहर में यह पहला शक्ति प्रदर्शन था। कार्यक्रम में सबसे अधिक भीड़ महिलाओं की रही। जिन्होंने विधानसभा चुनाव में जीत के अंतर को बढ़ाने में मुख्य भूमिका निभाई थी। सांसद व केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री डा. चरणदास महंत ने मौके का फायदा उठाते हुए लोगों से सीधे रुबरू होकर कार्यकर्ताओं से नजदीकियां बढ़ाई।
लोकसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। कांग्रेस विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद से ही लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। कोरबा लोकसभा के सांसद डा. चरणदास महंत का चुनाव लडऩा फायनल है। इस वजह से उनकी सक्रियता क्षेत्र में बढ़ गई है। वे लगातार कांग्रेस के साथ सामाजिक संगठनों में शामिल हो रहे हैं। शुक्रवार को कोरबा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं व मतदाताओं का आभार सम्मेलन सतनाम भवन टीपीनगर में आयोजित किया गया। विधायक जयसिंह अग्रवाल ने इसके बाद भोज का भी आयोजन किया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं स्वस्फूर्त पहुंची थीं। डा. महंत के पहले उनकी पत्नी श्रीमती ज्योत्सना महंत व विधायक जयसिंह अग्रवाल की पत्नी श्रीमती रेणु अग्रवाल कार्यक्रम में पहुंची। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से घूमघूमकर आभार व्यक्त किया। इसके बाद डा. महंत भी कार्यक्रम में पहुंचे। विधायक अग्रवाल लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं भी सुनते रहे। विलंब से शुरू हुए कार्यक्रम में सांई बाबा सेवा समिति के कलाकारों ने भक्ति संगीत प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को लगभग १५ हजार की लीड मिली है। इस बरकरार रखने कड़ी मशक्कत करनी पड़ेगी। मंच पर कई समाज के प्रमुख पदाधिकारी भी मौजूद रहे। जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष श्याम सुंदर सोनी ने कांग्रेस के साथ नेताओं के गुणगान में कोई कसर नहीं छोड़ी। सम्मेलन को एक तरह से लोक सभा चुनाव की तैयारी के आगाज के रूप में देखा जा रहा है। ऐसा ही सम्मेलन भंैसमा में रामपुर के विधायक श्यामलाल कंवर ने आयोजित किया था। विधायक अग्रवाल ने यह जता दिया कि जनाधार के मामले में कम नहीं हैं। मंच पर सुरेश सहगल, धरम निर्मले, मदन राठौर, आरके सिंह, पार्षद महेन्द्र सिंह चौहान, मुकेश राठौर भी मौजूद थे। प्रदेश कांग्रेस की सचिव श्रीमती उषा तिवारी, नेता प्रतिपक्ष श्रीमती अर्चना उपाध्याय, कुसुम द्विवेदी मंच के नीचे ज्योत्सना मंहत के साथ बैठे रहे। इस अवसर पर महेश अग्रवाल, सनिश कुमार, दिनेश सोनी, एस मूर्ति, एलबी नायक, श्रीमती संगीता सक्सेना, शिव अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, रसपाल सिंह संधू, सुनील पाटले, हरीशचन्द्र निषाद, श्रीकांत बुधिया, गजानन साहू, गीता महंत, फारूख मेमन, बच्चू लाल मखवानी, यूआर महिलांगे, हरीश राजवाड़े, सत्येन्द्र वासन समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।