प्रधान पाठक समेत 5 शिक्षकों को नोटिस
भास्कर न्यूज . कोरबा
कटघोरा के विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने गेवरा बस्ती में संचालित मिडिल स्कूल के प्रधान पाठक समेत ५ शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इन सभी पर स्कूल से बिना किसी कारण के अनुपस्थित रहने और निर्धारित समय में स्कूल नहीं आने का आरोप है।
दैनिक भास्कर ने 24 जनवरी के अंक में गेवरा बस्ती मिडिल स्कूल भगवान भरोसे शीर्षक से समाचार प्रकाशित की थी। बीईओ एमआर ध्रुवे ने अपने नोटिस में इस समाचार का उल्लेख भी किया है। उनके नोटिस में लिखा है कि पार्षद प्रतिनिधि व ग्रामीणों के निरीक्षण के दौरान प्रधान पाठक बीसी सोनवानी, यूडीटी राजेश्वरी पाण्डेय व देशीराम जायसवाल, शिक्षक पंचायत इंद्राणी पाण्डेय और सहायक शिक्षक नगरीय निकाय राधा कश्यप स्कूल में अनुपस्थित पाए गए। पहले भी उनके खिलाफ निर्धारित समय के घंटों बाद स्कूल आने और दोपहर 3 बजे घर लौट जाने की शिकायतें प्राप्त हुई है। यह कृत्य दंडनीय है। 30 जनवरी तक सभी कार्यालय में उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें, अन्यथा निरीक्षण दिवस के वेतन कटौती के अलावा वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से काटने के लिए उच्च कार्यालय को प्रेषित किया जाएगा। लंबे समय से न केवल कटघोरा ब्लाक बल्कि अन्य ब्लाक में संचालित स्कूलों में शिक्षक, शिक्षिकाओं के नदारद रहने की शिकायत मिलती रही है।