पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जिले में शान से लहराया तिरंगा झण्डा

जिले में शान से लहराया तिरंगा झण्डा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - कोरबा

जिले में रविवार को गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। स्कूलों, सार्वजनिक संस्थानों में ध्वजारोहण के बाद विविध कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी व खेल में बेहतर प्रदर्शन के लिए छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला कंवर ने इंदिरा स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री डा. रमनसिंह द्वारा जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों ने शासकीय योजनाओं व उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया। ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। श्रीमती कंवर ने परेड कमांडरों के प्रस्तुत परेड का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में कलेक्टर रजत कुमार व एसपी आरएल डांगी उपस्थित थे। मुख्य अतिथि ने विविधता में एकता के प्रतीक रंग बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े। जिला पुलिस बल के जवानों ने हर्ष फायर किया। जिला पुलिस बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, स्काउट एवं गाइड ने आकर्षक मार्च पास्ट की प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि श्रीमती कंवर ने परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। इसके पश्चात विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने नयनाभिराम व्यायाम एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर शासन की कल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों पर आधारित झांकियों का प्रदर्शन किया गया। मुख्य अतिथि ने समारोह में अपने कर्तव्यों का उत्कृष्टता से निर्वहन करने वाले कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों व कर्मचारियों, श्रेष्ठ सांस्कृतिक कार्यक्रमों, परेड में अग्रणी प्रदर्शन करने वाले बलों को पुरस्कार प्रदान किए गए।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रथम पुरस्कार न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल कोरबा, द्वितीय डीडीएम पब्लिक स्कूल व तृतीय स्थान अग्रसेन कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा सांत्वना पुरस्कार बीकन इंग्लिश मिडियम स्कूल एसईसीएल कोरबा को प्राप्त हुआ। पीटी प्रदर्शन में प्रथम स्थान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरबा, द्वितीय सरस्वती उमावि कोरबा और तृतीय स्थान सेट जेवियर्स पब्लिक स्कूल ने प्राप्त किया। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पीके दवे, महापौर जोगेश लांबा, सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र पांडेय, जिला पंचायत सीईओ आर एक्का, अपर कलेक्टर आरपी गुप्ता, श्रीमती इफ्फत आरा, एएसपी लाल उमेंद सिंह, एसडीएम जीआर राठौर, अधिकारी-कर्मचारी व बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित थे।



अग्रवाल सभा कटघोरा

श्री अग्रसेन भवन परिसर में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ध्वजारोहण अग्रवाल सभा के संरक्षक सत्यनारायण धनौदिया व अध्यक्ष राधेश्याम गर्ग ने किया। धनौंदिया ने इस अवसर पर देश को आजादी दिलाने वाले अमर शहीदों की गाथा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए समाज में एकता बनाए रखते हुए देश के विकास में सहभागी बनने की बात कही। इस अवसर पर अग्रवाल सभा के पदाधिकारी, सदस्य एवं समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

जनता यूनियन कोरबा पश्चिम

एचटीपीएस के सेवानिवृत्त निज सचिव पीके सिंह, पीएल पाण्डेय, संठन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आरके उज्जैनी की उपस्थिति में श्रमिक सदन में ध्वजारोहण किया गया। अतिथियों ने अपने विचार रखते हुए कर्मचारियों में देशप्रेम की भावना काम करने का आह्वान किया।

बेबीलैंड स्कूल मिशन रोड

गणतंत्र दिवस संस्था के मैनेजर श्रीमती सीए बक्श ने ध्वजारोहण किया। बच्चों को कानून का पालन करने की शपथ दिलाई गई और देश के प्रति सम्मान प्रगट किया। स्कूल के बच्चों ने देश भक्ति की भावना से ओतप्रोत कविता, गीत व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका कुमारी दुर्गा रमानी ने किया।

सुमन भारती स्कूल सर्वमंगलानगर

स्कूली बच्चों ने सुबह प्रभात फेरी निकालकर गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय पर्व मनाने लोगों से आह्वान किया। स्कूल के अध्यक्ष माधव प्रसाद जायसवाल, संचालक बीके चौहान ने ध्वजारोहण किया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। जिसका उपस्थित अतिथियों व अभिभावकों ने लुत्फ उठाया। कार्यक्रम में शिक्षक शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावक उपस्थित थे। इसके पश्चात छात्रों को पुरस्कृत किया गया।

जिला जेला कोरबा

अशासकीय संदर्शक ने ध्वजारोहण किया। सहायक जेल अधीक्षक केएल देशमुख, चिकित्सक डॉ.एमपी राठौर ने जिल में निरुद्ध कैदियों के साथ राष्ट्र में सुख शांति व अनन्य शहीदों की स्मृति पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। देशमुख ने कहा कि देश का तिरंगा हमें सुख शांति व समृद्धि के साथ रहने का प्रेरणा देता है।

कल्चुरी पब्लिक स्कूल हरदीबाजार

भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष चुलेश्वर राठौर, संस्था प्रमुख धर्मेन्द्र डहरवाल, जगदीश अग्रवाल की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया गया। राठौर ने कहा कि हमारा संविधान विश्व में अनूठा संविधान है। इस अवसर पर स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में अमृता राठौर, दिलेश्वरी डहरवाल, दिव्य ओग्रे, भुवनेश्वरी सोनी, यदुनाथ सिंह, डीआर साहू, किशोर तिवारी, माधुरी सिंह उपस्थित थीं।

सरस्वती शिशु मंदिर कोरबा



झांकी में महिला व बाल विकास विभाग प्रथम



परेड में जिला पुलिस बल को पहला स्थान



शिक्षा समिति के व्यवस्थापक व सचिव नानजी भाई पटेल ने ध्वजारोहण किया। उपस्थित अतिथियों का तिलक लगाकर सम्मान किया गया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से प्रेरित गीत व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पटेल ने कहा कि हमारा देश लाखों वर्ष पुराना है, लेकिन पहले गणतंत्र कभी नहीं रहा। मुगलों, अंग्रेजों के शासन के पूर्व छोटे छोटे रिसायतों में बंटे होने के कारण उसका लाभ शासक उठाते रहे। आज हम स्वतंत्र हैं तथा गणतंत्र हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। स्वागत भाषण प्राचार्य सूर्यकुमार पाण्डेय व आभार प्रदर्शन विद्यानंद पाण्डेय ने किया।



परेड प्रदर्शन प्रोफेशनल ग्रुप में प्रथम-जिला पुलिस बल, द्वितीय केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल और तृतीय स्थान छत्तीसगढ़ नगर सेना कोरबा ने प्राप्त किया। पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र कोरबा को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों व उपलब्धियों पर आधारित झांकी प्रदर्शन में प्रथम महिला एवं बाल विकास विभाग, द्वितीय रेशम विभाग और तृतीय स्थान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को मिला। आदिवासी विकास विभाग की झांकी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। अशासकीय झांकी प्रदर्शन में प्रथम बालको व द्वितीय स्थान एसईसीएल को हासिल हुआ।

मुख्य समारोह में मंच पर जिला पंचायत अध्यक्ष शकुंतला कंवर, कलेक्टर रजत कुमार व एसपी रतनलाल डांगी, परेड की सलामी लेते हुए, बच्चों ने दी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति





गणतंत्र दिवस - मुख्य समारोह में शकुंतला कंवर ने किया ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम में न्यूएरा प्रथम, डीडीएम द्वितीय