- Hindi News
- मनमाने बिजली बिल आने से उपभोक्ता हो रहे हैं परेशान
मनमाने बिजली बिल आने से उपभोक्ता हो रहे हैं परेशान
कोरबा - जिले के बिजली उपभोक्ता इन दिनों विद्युत वितरण विभाग की ओर से भेजे जा रहे मनमाने बिजली बिल को लेकर परेशान हैं। बिल मे सुधार के लिए भी उपभोक्ताओं को विभाग के दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हंै।
बिजली बिल में गड़बड़ी की शिकायत शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से लगातार आ रही है। विद्युत वितरण विभाग एवरेज बिलिंग के नाम पर भी उपभोक्ताओं को मनमाना बिजली बिल थमा रहा है। जिसके चलते लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्पॉट बिलिंग बंद होने के बाद कई महिनों तक उपभोक्ताओं को बिजली बिल नहीं भेजे जा रहे थे। इसके बाद विभाग ने खुद ही उपभोक्ताओं को बिल भेजना शुरू किया। लेकिन विभाग ने अचानक कई महिनों का बिल एक साथ उपभोक्ताओंं को भेज दिया। जिसे लेकर बिल भुगतान का दबाव बढ़ गया था। अधिक बिजली बिल को उपभोक्ताओंं को किश्त में बिल का भुगतान करना पड़ रहा है।
अधिकारी भी मान रहे गड़बड़ी : बिजली बिल में गड़बड़ी की बात अधिकारी भी मान रहे है। अधीक्षण अभियंता एपी सिंह के अनुसार इस तरह की शिकायतें काफी आ रही है। हालांकि इस पर सुधार देखने को नहीं मिल रही। शिकायत लेकर ग्राम खोडरी से वितरण विभाग के एसई दफ्तर पहुंचे ग्रामीणों को कहा कि १० फरवरी को गांव में शिविर लगाकर बिलों में सुधार किया जाएगा।
बंद है स्पॉट बिलिंग : जिले में लंबे समय से स्पॉट बिलिंग बंद है। सुविधाजनक ढंग से बिजली बिल का भुगतान हो सके इस मंशा से स्पॉट बिलिंग शुरू किया गया था। लेकिन विभाग की कार्यप्रणाली के चलते यह व्यवस्था क्षेत्र में लंबे समय तक चल नहीं सका। वर्तमान मे शहर में स्पॉट बिलिंग की सुविधा बंद है। विभाग के मुताबिक फिर से व्यवस्था को शुरू करने की कोशिश हो रही है। लेकिन ऐसी स्थिति में विद्युत वितरण विभाग खुद ही उपभोक्ताओं तक बिजली बिल पहुंचा रहा है। लेकिन बिल में गड़बड़ी कम नहीं हो रही जिसके चलते उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ रहा है।
पाड़ीमार जोन में सबसे ज्यादा शिकायत : बिजली-बिल को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतें पूरे जिले में है। अधिक बिजली बिल आने की सबसे ज्यादा शिकायतें पाड़ीमार जोन अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में है। कोसाबाड़ी, सीएसईबी कालोनी, पोड़ीबहार, बालको क्षेत्र, आईटीआई, एमपीनगर, शिवाजी नगर, पथर्रीपारा, आरपी नगर के अलावा पाड़ीमार जोन अंतर्गत आने वाले अन्य क्षेत्रों मे बिजली बिल को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायत है। एलआईजी आवास में रहने वाले प्रताप यादव के अनुसार उसे १५ दिन के अंतराल में ही विभाग ने ३००० हजार का बिजली बिल भेज दिया है। संबंधित क्षेत्र के वितरण कार्यालय में उपभोक्ताओं की समस्याओं का निराकरण समय पर नहीं होने को लेकर भी लोगों की शिकायतें हैं। स्थानीय स्तर पर शिकायतों का निराकरण नहीं होने पर उपभोक्ताओं कों विभाग के उच्च अधिकारियों से गुहार लगानी पड़ रही है।
ग्राम खोडरी की महिलाओं ने जताया आक्रोश
बिजली बिल में गड़बड़ी को लेकर ग्राम खोडरी की महिलाओं ने जमकर आक्रोश जताया। यहां गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले लोगों को भी भारी भरकम बिजली बिल थमा दिया गया है। वहीं एक मीटर पर दो व्यक्तियों के नाम से बिजली बिल भेजने की शिकायतें आ रही है। जिला पंचायत सदस्य रीना अजय जायसवाल के अनुसार पूर्व में भी क्षेत्र में बिजली बिल को लेकर विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई है। लेकिन किसी तरह का निवारण नहीं किया गया है। इससे आक्रोशित गांव की महिलाएं बड़ी संख्या में तुलसीनगर जोन कार्यालय पहुंची थी। महिलाओं के साथ कांग्रेसी नेता अजय जायसवाल व अन्य भी पहुंचे थे। अधिकारियों ने इस बार भी महिलाओं को समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन देकर भेज दिया।
सुधारने के लिए लगाना पड़ रहा वितरण विभाग के चक्कर