एक माह तक बच्चों को दी जाएगी दवाइयां
पत्रकारों से चर्चा करते डा. पीआर कुंभकार व अन्य
कोरबा - शिशु संरक्षण माह मंगलवार २८ जनवरी से प्रारंभ होगा। एक माह तक चलने वाले इस माह के दौरान शिशु स्वास्थ्य संवर्धन तथा सुरक्षित मातृत्व संबंधी कार्यक्रम होंगे।
सोमवार को सीएमएचओ डा. पीआर कुंभकार ने तिलक भवन में प्रेस वार्ता लेकर शिशु संरक्षण माह के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य शासन की महत्वपूर्ण योजना में एक शिशु संरक्षण माह है। माइक्रोन्यूट्रीऐंट इनीशियेटिव इंडिया की सहायता से २८ जनवरी से २८ फरवरी तक यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान शिशु स्वास्थ्य संर्वधन के तहत ५ साल तक के बच्चों को आयु के अनुसार बीसीजी, पोलियो, डीपीटी, मीजल्स, हिपेटाइटिस बी का टीकाकरण, विटामिन ए की खुराक, आयरन फोलिक एसिड की गोली व सिरप दी जाएगी। १ साल से ५ साल तक के बच्चों को कृमिनाशक दवाइयां प्रदाय की जाएगी। इसके अतिरिक्त शिशु संरक्षण माह के दौरान मंगलवार और शुक्रवार को ग्राम एवं शहरी स्वास्थ्य पोषण दिवस में शिशु प्रतिरक्षण के लिए राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत ७ प्रकार के टीके शिशुओं को लगाया जाएगा। गंभीर कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर उन्हं पोषण पुनर्वास केंद्रों में भर्ती किया जाएगा। माह के दौरान ही सुरक्षित मातृत्व के लिए गर्भवती माताओं का पंजीयन, गर्भावस्था के दौरान नियमित परीक्षण, संस्थागत प्रसव के लिए आवश्यक प्रबंधन पर जोर दिया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों, उपस्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक भवन, सार्वजनिक स्थान, सरकारी अस्पतालों में माह के दौरान शिशुओं व गर्भवती माताओं को स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
राज्य स्तरीय शुभारंभ कटघोरा में
सीएमएचओ डा. कुंभकार ने बताया कि पूरे प्रदेश में शिशु संरक्षण माह आयोजित किया जा रहा है। इसका राज्य स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम मंगलवार २८ जनवरी को कटघोरा सीएचसी में स्वास्थ्य मंत्री करेंगे।
जिले में शिशु संरक्षण माह आज से, टीकाकरण करने चलेगा अभियान