- Hindi News
- एचटीपीपी विस्तार परियोजना से बिजली उत्पादन शुरू
एचटीपीपी विस्तार परियोजना से बिजली उत्पादन शुरू
कोरबा - एचटीपीपी विस्तार परियोजना से बिजली का उत्पादन शुरू हो गया है। सोमवार को संयंत्र से ३५० मेगावाट की लोड पर बिजली बन रही थी। तकनीकी कारणों से दो सप्ताह पूर्व इस प्लांट से उत्पादन ठप हो गया था। वहीं एचटीपीपी की ४ नबंर इकाई में तकनीकी कारणों से उत्पादन ठप हुआ है।
राज्य पावर जनरेशन कंपनी के एचटीपीपी ५०० मेगावाट विस्तार परियोजना से उत्पादन ठप होने के कारण प्रदेश में बिजली आपूर्ति को लेकर काफी दबाव बढ़ गया था। लगभग दो सप्ताह पूर्व विस्तार परियोजना की इकाई में फाल्ट आ गया था। जिसके कारण उत्पादन बंद करना पड़ गया था। सुधार के बाद सोमवार को संयंत्र से बिजली उत्पादन शुरू हो गया है। इसे पावर कंपनी को काफी राहत मिली है। दूसरी ओर एचटीपीपी प्लांट में २१० मेगावाट की ४ नंबर की इकाई में फिर से तकनीकी खराबी आ गई है। जिसके कारण उत्पादन ठप हो गया है। वर्तमान में ४४० मेगावाट क्षमता के कोरबा पूर्व संयंत्र की सभी इकाईयों से उत्पादन हो रहा है। एचटीपीपी की ४ इकाईयां उत्पादन में है। ठंड के बावजूद प्रदेश में बिजली की मांग में कमी नहीं आ रही है। शाम को बिजली की मांग में बढ़ोत्तरी हो रही है। सोमवार की दोपहर तक प्रदेश में २४०० मेगावाट बिजली थी, वहीं शाम को बिजली की मांग ३००० मेगावाट तक पहुंच गई थी। उपलब्धता २८०० मेगावाट रही।