रज्जाक अली ने किया हंगामा, भेजा गया जेल
कोरबा - करतला के पूर्व जनपद उपाध्यक्ष रज्जाक अली को सोमवार की रात प्रशासन-पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है।
मूलत: करतला के नोनबिर्रा निवासी रज्जाक अली करतला जनपद पंचायत का पूर्व उपाध्यक्ष व वर्तमान में जनपद सदस्य है। वह रामपुर हाऊसिंग बोर्ड कालोनी के समीप निवासरत है। पुलिस के मुताबिक सोमवार की रात वह नशे में धुत्त होकर अपने फोर व्हीलर वाहन में घुम रहा था। शहर के बस स्टैंड, ट्रांसपोर्टनगर समेत प्रमुख चौराहों में पहुंचकर प्रशासन व पुलिस विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा कर रहा था। इसकी जानकारी एसपी रतनलाल डांगी को मिली। सूचना मिलते ही एसपी डांगी ने सीएसपी कीर्तन राठौर के नेतृत्व में पुलिस की ३ टीम गठित कर रज्जाक अली की गिरफ्तारी के लिए रवाना किया। पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर खोजबीन करते हुए देर रात रामपुर हाऊसिंग बोर्ड कालोनी के समीप स्थित उसके मकान में दबिश दी। जहां वह पकड़ा गया। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा १५१ की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए गिरफ़्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक रज्जाक अली के खिलाफ लंबे समय से इस तरह नारेबाजी किए जाने की शिकायत मिल रही थी।