- Hindi News
- लाइसेंस के बिना संयंत्र चालू न हो : मिश्रा
लाइसेंस के बिना संयंत्र चालू न हो : मिश्रा
भास्कर न्यूज - कोरबा
बालको कर्मचारी संघ के महासचिव राजेन्द्र मिश्रा ने बालको प्रबंधन पर बिना फैक्ट्री लाइसेंस प्राप्त किए स्मेल्टर प्लांट को चालू करने की तैयारी का आरोप लगाया है। उन्होंने इस पर प्रबंधन द्वारा मजदूरों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ करने वाली नीति अपनाए जाने की बात कहते हुए आलोचना की है। उन्होंने बताया कि राज्य शासन से लिए गए तीन महीने के कंसेन्ट टू आपरेट के तहत ही प्रबंधन स्मेल्टर को जल्दी से जल्दी चालू करना चाहता है। प्रबंधन के अधिकारी बालको की छवि खराब करने में जुटे हैं। इसकी फिक्र किए बिना बड़े अफसर व मालिकों की नजर में कर्मठ व बेहतर साबित होने में लगे हैं। इसके लिए कूट रचित दस्तावेजों का सहारा भी वे ले रहे हैं। अब तक स्मेल्टर तीन के लिए फैक्ट्री लाइसेंस नहीं लिया गया है। लाइसेंस नहीं होने से ठेका कर्मचारी और नियमित अधिकारी व कर्मचारियों को दुर्घटना होने पर बीमा कंपनियों से हितलाभ वैधानिक तौर पर नहीं प्राप्त होगा। सरकारी उपक्रम रहते हुए बालको ने देश का नाम ऊंचा रखा, लेकिन वर्तमान में प्रबंधन के अधिकारी गलत बयान जारी कर गुमराह करने में जुटे हैं। प्रबंधन को यह जानकारी भी भलि भांति है कि स्मेल्टर १ के स्थल पर कोई नया संयंत्र स्थापित नहीं किया गया है। इसके बाद भी विस्तार व आधुनिकीकरण जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है।