ज्ञान ज्योति स्कूल रसोइया के भरोसे
कोरबा - जिले में ज्ञान ज्योति स्कूलों के संचालन में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। गेवरा बस्ती संकुल के अंतर्गत जेलपारा में ज्योति प्रायमरी स्कूल संचालित है। यहां २७ जनवरी को सहायक शिक्षक रघुनंदन सिंह सुबह 11 बजे बच्चों का प्रार्थना कराकर चला गया। बच्चे इधर उधर घुमते रहे। कुछ बच्चे अपने घर भी चले गए। जो बच्चे रह गए थे, उन्हें दोपहर 1.३० बजे रसोइया संतोषी बाई ने मध्याह्न भोजन कराया। इसके बाद सभी बच्चे अपने घर चले गए। यहां के ग्रामीण सुमेर सिंह ने इस बात की शिकायत विभाग के अधिकारियों तक पहुंचाई, लेकिन अब तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं किया गया है। इस क्षेत्र के ज्यादातर प्रायमरी व मिडिल स्कूल की स्थिति एक जैसे है। अधिकतर शिक्षक-शिक्षिकाएं सप्ताह में दो या तीन दिन स्कूल आते हैं। इसकी जानकारी संकुल समन्यवकों को भली-भांति है। लेकिन उनके द्वारा न कोई कार्रवाई किया जाता और न ही इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी जाती। ग्रामीणों के मुताबिक इसके एवज में वसूली का प्रावधान चला आ रहा है। उच्चाधिकारियों को तो भ्रमण की फुर्सत तक नहीं है। इसका खामियाजा सबसे ज्यादा बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। ज्यादातर स्कूलों में अभी विषयों की पढ़ाई भी अधूरी है। प्रशासनिक अधिकारियों को सघन भ्रमण कर स्कूलों में पाठ्यक्रमों की हुई पढ़ाई को लेकर जानकारी तैयार करनी चाहिए। इसमें गड़बड़ी का खुलासा स्वमेव हो जाएगा।