- Hindi News
- नए मतदाता मतदान कर प्रजातंत्र को बनाएं मजबूत : दवे
नए मतदाता मतदान कर प्रजातंत्र को बनाएं मजबूत : दवे
मतदाताओं के स्वागत समारोह में उपस्थित कलेक्टर व डीजे
कोरबा - जिला एवं सत्र न्यायाधीश पीके दवे ने शनिवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित नए मतदाताओं के स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जिले के नए मतदाता चुनावों में अपने मताधिकार का उपयोग कर प्रजातंत्र को मजबूत बनाने का काम करें। इस दौरान कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी रजत कुमार, जिला पंचायत सीईओ आर एक्का, अपर कलेक्टर व उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ईफ्फत आरा, एएसपी लाल उमेंद सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
न्यायाधीश दवे ने कहा कि मतदाता मतदान के माध्यम से लोकतंत्र में देश के विकास की दिशा तय करते हैं। नए मतदाता देश के विभिन्न चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। प्रत्येक मतदाता को संविधान प्रदत्त अधिकारों का उपयोग व कर्तव्यों का पालन निष्ठापूर्वक करते हुए अपने मताधिकार का उपयोग कर उचित व योग्य जनप्रतिनिधि का चुनाव करना चाहिए। लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है कि अधिक से अधिक लोग निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लें। कलेक्टर रजत कुमार ने नए मतदाताओं को मताधिकार के महत्व के संबंध में जानकारी दी तथा भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त के संदेश का वाचन किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ्य लोकतंत्र के लिए यह आवश्यक है कि मतदाता समझदारी से व नैतिक आधार पर अपना मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि जिन्होंने अभी तक अपना पंजीकरण नहीं करवाया है वे इसे जल्द से जल्द करवां लें, क्योंकि आप मतदान तभी कर सकते हैं जब आप मतदाता के रूप में पंजीकृत हों।
इस अवसर पर नए मतदाताओं का बैज लगाकर स्वागत किया गया तथा मतदाता फोटो परिचय पत्र का वितरण किया गया। समारोह में उपस्थित सभी मतदाताओं ने लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखने, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की मर्यादा को बनाए रखने, स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भिक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा व अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने शपथ ली। कार्यक्रम के अंत में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती इफ्फत आरा ने आभार प्रदर्शन किया। इस दौरान स्वीप कोर समिति के सदस्य, कैंपस एम्बेसडर, एनएसएस व एनसीसी के कैडेट्स, पीओ एसपी मिश्रा उपस्थित थे।