गीतों में दिखा देशभक्ति का काज्बा
भास्कर न्यूज - कोरबा
स्कूल व कालेज के छात्रों में देशभक्ति की काज्बा उनके प्रस्तुत की गई गीतों में देखने को मिला। प्रस्तुति में हर वर्ग की छात्र-छात्राओं ने देश की आन-बान व शान के लिए मर मिटने वाले शहीदों को नमन किया।
जिला एवं खेल युवा कल्याण विभाग ने स्कूल व कालेज के छात्र-छात्राओं को एक शाम शहीदों के नाम आयोजन के माध्यम से देशभक्ति गीतों के लिए प्रतियोगिता आयोजित की। गुरुवार को सीएसईबी पूर्व के सीनियर क्लब में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ संगीत के जानकारों की उपस्थिति में दीप प्रज्जवलित कर किया गया। प्रतियोगिता में एकल व समूह गायन के लिए अलग-अलग स्कूलों से 93 छात्र शामिल हुए।
प्रतियोगिता के प्रारंभ में ज्ञान ज्योति स्कूल की छात्राओं के आकर्षक नृत्य से हुआ। समूह गायन से शुरू हुई प्रतियोगिता में डीपीएस बालको की छात्राओं ने मनुष्य तो बड़ा महान है गीत प्रस्तुत किया। केएन कालेज के बीएड संकाय की छात्राओं ने तीन रंग के साथ खड़ी हैं भारत मां महतारी..., डीएवी एसईसीएल कोरबा के छात्रों ने वंदेमातरम..., विद्युत गृह हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने आओ जवानो, आओ धरती हमें पुकारे..., न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल के छात्रों ने आजाद हैं, आजाद हैं, आजाद हम रहेंगे..., जैन पब्लिक स्कूल के छात्रों ने हो जन्म दुबारा तो भारत वर्ष मिले..., कस्तूरबा छात्रावास कोरबा की प्रतिभागियों सोने की किरणें चमकाए सूरज हिंदुस्तान में... तो ऐ मेरे वतन के लोगों की प्रस्तुति एमजीएम बालको की छात्राओं ने देकर लोगों को देश प्रेम का संदेश दिया।
छात्र-छात्राओं की प्रस्तुति परखने के लिए नगर की गीत संगीत से जुड़ी हस्तियों में श्रीमती विमला सोनी, तबला वादक मोरध्वज वैष्णव, संतोष गुरुगोस्वामी, शमशेर खान, रामप्रसाद सारथी उपस्थित थे। आयोजन समिति व जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खेल अधिकारी रामकृपाल साहू, हेमंत माहुलिकर, नृत्य शिक्षिका केवरा बरेठ उपस्थित थे। निर्णायक दल के निर्णय की घोषणा पश्चात एकल वर्ग में प्रथम, द्विवतीय व तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को नगद 1000, 700 व 500 रुपए से पुरस्कृत किया गया। वहीं समूह वर्ग में प्रथम, द्वितीय व तृतीय आने वाले स्कूल के प्रतिभागियों को क्रमश: 2000, 1500 व 1000 रुपए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से दिया गया। खेल अधिकारी साहू ने बताया कि विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय आयोजन में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा।
दीप प्रज्जवलित करती श्रीमती विमला सोनी, नृत्य की प्रस्तुति देतीं ज्ञान ज्योति स्कूल की छात्राएं।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग का जिला स्तरीय एक शाम शहीदों के नाम
प्रस्तुति देतीं एमजीएम बालको की छात्राएं।