प्लांट में हादसा, दो मजदूर झुलसे
भास्कर न्यूज - कोरबा
एचटीपीपी परियोजना में एक के बाद एक -एक हुए हादसे में दो ठेका मजदूर झुलस गए। दोनों मजदूरों को गंभीर हालत में एचटीपीपी के विभागीय अस्पताल में भर्ती किया गया है। कार्य के दौरान सुरक्षा में बरती जा रही लापरवाही के कारण प्लांट में हादसा हुआ है।
दर्री थाना के कलमीडूग्गू निवासी लक्ष्मण सिंह एचटीपीपी प्लांट में इंडवल कंपनी का ठेका श्रमिक हैं। उक्त निजी कंपनी में वह रिगर के पद पर कार्यरत है। बुधवार को वालकटिंग के दौरान हाइप्रेशर हीट वाटर के संपर्क में आने से वह बुरी तरह से झुलस गया। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए एचटीपीपी के विभागीय अस्पताल में भर्ती किया गया। संबंधित कंपनी के ठेका श्रमिक को सुरक्षा उपकरण मुहैय्या नहीं कराई गई थी, जिसके कारण यह हादसा होने की बात कही जा रही है। बुधवार को ही एचटीपीपी प्लांट में मेसर्स एडवर्ड इंटर प्राइजेस कंपनी कार्यरत एक ठेका श्रमिक भी करंट से झुलस गया। ठेका श्रमिक स्वीच यार्ड के पैनल में काम कर रहा था। इसी दौरान उसमें ब्लास्ट होने से उसक शरीर करंट लगने से बुरी तरह से झुलस गया। उसे भी एचटीपीपी के ही विभागीय अस्पताल में दाखिल किया गया है। सीएसईबी प्रबंधन संयंत्र में शून्य दुर्घटना का लक्ष्य हासिल करने की बात कहती रही है। लेकिन यहां नियोजित ठेका कंपनियों में कार्यरत मजदूरों को कार्य स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराया जाता। जिसके कारण इस तरह के हादसे होते हैं।
कार्य के दौरान सुरक्षा में लापरवाही के कारण हुई घटना
घायल लक्ष्मण
घायल श्रमिक