वित्तीय साक्षरता पर हुए कार्यक्रम
भास्कर न्यूज - कोरबा
करतला शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्र-छात्राओं को वित्तीय साक्षरता के लिए नाबार्ड के सहयोग से ग्राम बरतोरी विकास शिक्षण समिति ने प्रश्नोत्तरी कार्यशाला का आयोजन किया। जिसमें मुख्य नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक विजय चांदेकर, प्रभारी प्राचार्य रघुवीर सिंह तंवर, संस्था प्रमुख सूर्यकांत सौलखे, आर्ट आफ लिविंग के गुलाब देशमुख उपस्थित थे।
चांदेकर ने बैंकों के संबंध में बैंको का कार्य, महत्व, प्रकार, बैंक खाता खोलने की जानकारी, जमाखातों का परिचालन, जमा राशियों का प्रकार, चेक सुविधा, एटीएम, क्रेडित कार्ड, शिक्षा ऋण, स्व सहायता समूह की जानकारी व नाबार्ड का परिचय, इतिहास, महत्व कार्य, अन्य जानकारी छात्रों को दी। प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम में भाग लेकर अपने ज्ञान को बढ़ाने के साथ साथ बैंको की सुविधाओं को गांवों के सभी वर्गो तक पहुंचाने में मदद करने की अपील की। प्रभारी प्राचार्य ने कहा कि प्रश्नोत्तरी के माध्यम से स्कूल के छात्र छात्राओं का बैंको के संबंध में ज्ञान उनके और उनके परिवार साथ ही गांवों में भी लाभकारी होगा। छात्र छात्राओं को नोट्स बनाकर पूरी तैयारी के साथ भाग लेने का निर्देश दिये। शिक्षक राकेश कौशिक ने प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम में पूछे जाने वाले प्रश्न से संबंधित विषय की पृष्ठभूमि का वाचन कर बच्चों को समझाया। प्रश्नोत्तरी में 200 से अधिक छात्र शामिल हुए जिसमें से सही उत्तर देने वाले 20 छात्रों को नाबार्ड ने पुरस्कृत किया।
इसी तरह ग्राम बोतली के 15 स्व सहायता समूहों, ग्राम मदवानी में महिला स्व सहायता समूहों के सदस्यों में नेतृत्व विकास पर प्रशीक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। उपस्थित सदस्यों ने महिलाओं के प्रति हो रही समस्याओं से निपटने के लिये जैसे भूण हत्या रोकने, कम उम्र में शादी का विरोध, दहेज प्रथा का विरोध आदि विषयों पर संयुक्त रूप से शपथ ली। नेतृत्व विकास पर प्रशीक्षण आर्ट आफ लिविंग के गुलाब देशमुख व साथियों ने दिया। कार्यक्रम में तरईमार, कलगामार, मदवानी के कुल 18 समूहों भाग लिए। ग्राम नवापारा में स्व सहायता समूहों के प्रतिनिधियों का आजिविका गतिविधियों किचन गार्डन, मशरूम उत्पादन, डेयरी, अगरबत्ती निर्माण पर विशेषज्ञों ने प्रशिक्षण दिया। संस्था प्रमुख सूर्यकांत सौलखे ने किचन गार्डन के माध्यम से महिलाओं को व्यवसाय प्रारंभ के गुर बताते हुए जानकारी दी कि कम लागत में भी यह व्यवसाय प्रारंभ किया जा सकता है। किचन गार्डन के माध्यम से जैविक सब्जी उत्पादन कर अच्छी आय अर्जित करने के साथ साथ पूरे परिवार का खर्च भी निकाल सकती है। आयोजन में समिति के डालेश्वर कश्यप, अरूण साहु, कविता साहु, शिव कुमार राठिया ने सहयोग किया।
प्रतिभागी को पुरस्कृत करते विजय चांदेकर व गुलाब देशमुख