अपने गांव को बनाएं आदर्श : गोस्वामी
भास्कर न्यूज - कोरबा
बालको की कंपनी वेदांत समूह की सामुदायिक विकास प्रमुख डॉ. श्रीमती विकास गोस्वामी बालकोनगर के प्रवास पर पहुंची। उन्होंने ने वेदांत केंद्रीयकृत रसोईघर, वेदांत आईएल एंड एफ.एस स्किल्स स्कूल, वेदांत ग्रामीण अस्पताल व जलग्राम सहित अनेक परियोजनाओं का अवलोकन किया। बालको के सामुदायिक संबंध प्रमुख बीके श्रीवास्तव व सामुदायिक विकास सह महाप्रबंधक आशीष रंजन ने डॉ. गोस्वामी को परियोजनाओं व उनके फायदों की विस्तार से जानकारी दी।
डॉ. गोस्वामी ने दोंदरो के दो किसान समूहों को स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली जानकारी दी। ग्राम दोंदरो के किसान बालको-नाबार्ड की जलग्राम परियोजना के अंतर्गत निर्मित चेकडेम की मदद से स्प्रिंकलर प्रणाली का प्रयोग कर खेतों की सिंचाई कर सकेंगे। बालको-नाबार्ड से कृषि विभाग के सहयोग से दोंदरो के किसानों को चना, सरसों, गेहूं व अन्य फसलों के उच्च गुणवत्ता के बीज और उर्वरक प्रदान किए गए थे। कृषि विभाग के अधिकारियों ने समय-समय पर किसानों को परामर्श और प्रोत्साहन दिया जिसका परिणाम है कि ग्राम दोंदरो में पहली बार रबी फसल ली जाएगी। डॉ. गोस्वामी ने किसानों को परियोजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की प्रेरणा दी। बालको-नाबार्ड की मदद से दोंदरो के किसान अपने गांव को क्षेत्र के दूसरे गांवों के बीच आदर्श के रूप में स्थापित करेंगे।
सम्मान में हुए रंगारंग कार्यक्रम
डॉ. गोस्वामी के सम्मान में बालको के एक्सपर्ट क्लब में इंद्रधनुषी कार्यक्रम आयोजित किए गए। समारोह में रोटरी क्लब संचालित दिव्य ज्योति स्कूल के छात्र-छात्राओं, वेदांत स्किल्स स्कूल के छात्र-छात्राओं व स्थानीय करमा नर्तकों के दल ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। इस अवसर पर बालको की विभिन्न परियोजनाओं से संबद्ध शासकीय विभागों तथा स्वयंसेवी संगठनों के अधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारियों ने डॉ. गोस्वामी को कंप्यूटर प्रेजेंटेशन के जरिए परियोजनाओं की प्रगति संबंधी आंकड़ों से अवगत कराया।
कार्यक्रम की प्रस्तुति देती छात्राएं
बीज वितरित करतीं श्रीमती विकास गोस्वामी बर्तन भेंट करते बालको के अधिकारी
आयोजन - वेदांत समूह के सीएसआर प्रमुख ने किसानों को दी स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली की जानकारी