- Hindi News
- फेसबुक पर किसने फोटो अपलोड किया तीसरे दिन भी जांच में जुटी रही टीम
फेसबुक पर किसने फोटो अपलोड किया तीसरे दिन भी जांच में जुटी रही टीम
भास्कर न्यूज - जगदलपुर
विवाहिता के फेसबुक आईडी में अश्लील तस्वीरें भेजने के मामले में साइबर सेल ने अपनी जांच तेज कर दी है पर इस मामले में अब तक किसी को भी नामजद आरोपी नहीं बनाया गया है। अफसरों का कहना है जिस आईडी से फोटो सेंड हुए हैं उसके ऑनर को इसकी भनक ही नहीं है। ऐसे में अभी उसे नामजद आरोपी नहीं बनाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले में इस बात की जांच की जा रही है कि युवक की इसमें कितनी संलिप्तता है। हांलाकि पुलिस के अफसर इस बात का उत्तर नहीं दे पाए कि यदि युवक उस आईडी का संचालन नहीं कर रहा है तो उसकी आईडी का यूज कौन कर रहा है।
अफसरों का कहना है कि इसमें फेसबुक कंपनी के अफसरों की मदद ली जा रही है। फेसबुक के कैलिफोर्निया व अन्य स्थानों पर स्थित कार्यालयों से संपर्क साधा जा रहा है। पुलिस को कई तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खबरों के मुताबिक एसपी अजय यादव इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और उन्होंने इसकी बारीकी से जांच करने के निर्देश भी अफसरों को दिए हैं। सायबर सेल प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पोस्ट करने वाले आईडी के ऑनर से भी पूछताछ जारी है।