मधुमक्खी कर सकती हैं परेड के दौरान हमला
जगदलपुर - रिहर्सल करने जा रही छात्राओं पर हो चुका है कुछ दिनों पूर्व हमला। किसी असमाजिक तत्व ने मधुमक्खी के छत्ते को छेड़ा तो हो जाएगी बड़ी दुर्घटना।
गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले समारोह में शामिल होने हजारों लोग लालबाग परेड ग्राउंड पहुंचते हैं। समारोह स्थल के ठीक पहले मधुमक्खियों ने अपना छत्ता बना रखा है। समारोह के दौरान में यदि किसी शरारती तत्व ने इन छत्तों से छेडख़ानी की या किसी अन्य कारण से मधुमक्खियां गुस्से में आ गई तो यहां मौजूद लोगों पर हमला कर देंगी। इसके बाद मचने वाली भगदड़ से कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। मक्खियों के छत्ते पर अब तक किसी भी प्रशासनिक अधिकारी की नजर नहीं पड़ी है। इस इलाके में मधुमक्खी के आंतक की खबर सभी को है, पर अब तक इनसे निपटने कोई विशेष प्रयास नहीं किए जा सके हैं।
छात्राओं पर किया हमला
कुछ दिनों पूर्व महारानी लक्ष्मी बाई कन्या शाला की छात्राएं लालबाग मैदान में प्रैक्टिस के लिए गई थीं। इस दौरान चर्च के पास उन पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया था। इस घटना में तीन छात्राएं घायल हुई थी। इनमें से एक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती भी करना पड़ा था। इसके अलावा इसी स्थान पर कई बार राहगीरों पर मधुमक्खियां हमला कर चुकी हैं। इनमें से कई का इलाज मेकाज में किया जा चुका है।