केशकाल बाइपास हाई पावर कमेटी के हवाले
फाइलों में घूम रही केशकाल बाइपास की योजना लागत भी बढ़ गई अब हाई पावर कमेटी के पास पहुंचा मामला।
भास्कर न्यूज - जगदलपुर
केशकाल बाइपास की योजना फिलहाल फाइलों में ही घूम रही है। रायपुर-जगदलपुर एनएच के बीच केशकाल घाट में लगातार लगते जाम से निजात पाने बनाई गई इस योजना की लागत काम शुरू होने से पहले ही लगातार बढ़ती जा रही है। 53 करोड़ रुपए से तैयार की गई इस योजना की लागत अब 65 करोड़ रूपए पहुंच गई है। इससे पहले बस्तर विकास प्राधिकरण में इस पर विचार किया जा चुका है।
बस्तर की जीवन रेखा कही जाने वाली एनएच 30 पर केशकाल इलाके में जाम से छुटकारा दिलाने बाइपास सड़क पर विचार चल रहा है। हालांकि इस सड़क का डीपीआर भी तैयार हो गया है। लोनिवि ने केशकाल घाट के नीचे मूरगांव से सिलयारा होते हुए बटराली तक 12.31 किमी सड़क बनाने की तैयारी शुरू की है।
केशकाल बाइपास में 20 नग कलवर्ट और 5 मध्यम पुल बनाए जाने का प्रस्ताव है। बारिश के दिनों में वर्तमान मार्ग पर कुछ \\\'यादा ही समस्या सामने आती है। जिसका सबसे \\\'यादा खामियाजा यात्रियों व मरीजों को भुगतना पड़ता है।
65 करोड़ रुपए से बनने वाली इस बाइपास के प्रस्ताव पर अब हाई पावर कमेटी विचार कर रही है। इस कमेटी में मुख्य सचिव समेत वित्त विभाग के सचिव व विभागीय सचिव शामिल हैं। इस कमेटी की स्वीकृति के बाद ही इसे टेंडर के लिए भेजा जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि मार्च के पहले निविदा की प्रक्रिया शुरू कर ली जाएगी, लेकिन इसका निर्माण बारिश के बाद से ही शुरू होने की संभावना है।