पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • स्कूलों में कोर्स पूरा कराएंगे अतिथि शिक्षक

स्कूलों में कोर्स पूरा कराएंगे अतिथि शिक्षक

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - जगदलपुर
हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में प्राइवेट संस्था को ठेके पर कोर्स पूरी कराने की जिम्मेदारी के बाद अब मिडिल और प्रायमरी स्कूलों में अतिथि शिक्षक पूरा कराएंगे कोर्स।
वेतन-भत्तों पर भारी भरकम रकम खर्च करने के बाद भी सरकारी स्कूलों में कोर्स पूरा नहीं हो पा रहा है। ऊंची कक्षाओं में तो शासन ने कोर्स पिछड़ न जाए इसके लिए तोड़ निकालते हुए निजी संस्था को ठेके पर काम सौंप दिया है। जो अलग-अलग स्कूलों में जाकर पढ़ाई पूरी कराएंगे। विशेष तौर पर गणित, विज्ञान और अंग्रेजी विषय के शिक्षकों की कमी से हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में इस साल पढ़ाई काफी पिछड़ गई है।
सरकारी क्षेत्र के मिडिल और प्रायमरी स्कूलों में भी शिक्षकों की पर्याप्त संख्या के बाद भी कोर्स पूरा नहीं हो पा रहा है। जिसके चलते हर साल शिक्षा की गुणवत्ता में कमी आती जा रही है। अब इससे निपटने के लिए नियमित शिक्षकों अथवा शिक्षाकर्मियों पर प्रशासन का भरोसा कम ही रह गया है। जिसके बाद उन सभी स्कूलों में जहां कोर्स पीछे चल रहे हैं, अतिथि शिक्षक इसे पूरा कराएंगे। जितनी कड़ाई इन अतिथि शिक्षकों की सेवाओं के लिए की जा रही है उतनी यदि नियमित शिक्षक या शिक्षाकर्मियों के लिए की जाती तो सभी स्कूलों में समय पर कोर्स पूरा होना तो सामान्य बात थी, रिवीजन भी हो सकता था।
ढाई हजार रुपए मिलेंगे तीन महीने तक
सरकारी स्कूलों में कोर्स पूरा कराने के लिए ढाई हजार रुपए प्रति माह की दर से शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इन शिक्षकों के लिए योग्यता हायर सेकेंडरी अथवा 12 कक्षा उत्तीर्ण रखी गई है। शिक्षकों को संबंधित ग्राम पंचायत क्षेत्र का निवासी होना होगा। एक से अधिक आवेदन पर मेरिट के आधार पर अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति होगी। इन्हें तीन महीने के लिए रखा जाएगा। हर सप्ताह स्कूल के हेडमास्टर अतिथि शिक्षकों की उपस्थिति का प्रमाण पत्र देंगे जिसके आधार पर उनका वेतन निकाला जाएगा।