- Hindi News
- परीक्षाएं होंगी अलग तारीख पर मूल्यांकन होगा एक साथ
परीक्षाएं होंगी अलग तारीख पर मूल्यांकन होगा एक साथ
दसवीं और बारहवीं बोर्ड की परीक्षाओं के साथ कापियों की चैकिंग की व्यवस्था तय की माध्यमिक शिक्षा मंडल ने। स्थानीय परीक्षाएं होनी है मार्च में।
जगदलपुर - माशिमं द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं बोर्ड की सालाना प्रेक्टिकल परीक्षाएं अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। 10 फरवरी के अंदर ये परीक्षाएं सभी परीक्षा केंद्रों पर हर हालत में पूरी करवाई जानी है। इसके साथ ही इनकी अंक सूचियां मंडल के स्थानीय कार्यालय में प्राचार्यों द्वारा जमा करवाई जानी है। दूसरी ओर थ्यौरी की वार्षिक परीक्षाओं की व्यवस्था भी तय हो चुकी है। दोनों कक्षाओं की हर परीक्षा साढ़े तीन घंटे की रहेगी। एक मार्च से शुरु होकर उसी महीने के अंत तक परीक्षाएं खत्म होनी है। दो साल पहले तक व्यवस्था यह थी कि एक हफ्ते तक हो चुकी परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाएं चेक करने के लिए मूल्यांकन केंद्रों तक साथ ही साथ भेज दी जाती थी। इस साल ऐसा नहीं होगा। परीक्षाएं पूरी होने के बाद एक साथ मूल्यांकन करवाया जाएगा जिसे तय समय के अंदर पूरा किया जाना है। हालांकि इस बीच नवमी और ग्यारहवीं जैसी कक्षाओं की परीक्षाएं भी होनी है।
चुनाव ड्यूटी में जाएंगे अध्यापक
बोर्ड की इन दोनों परीक्षाओं का मूल्यांकन प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाएगा। जिन अध्यापकों की ड्यूटी इसमें लगेगी, उन्हें स्कूलों से प्राचार्य तत्काल रिलीव करेंगे। वजह यह है कि अप्रैल में लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरु हो जाएगी। उसके बाद मतदान के दौरान काफी संख्या में शिक्षकों की ड्यूटी लगेगी। जिसके चलते स्थानीय परीक्षाओं के नतीजों पर असर पहुंच सकता है। जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र झा के मुताबिक बोर्ड के तय कार्यक्रम और निर्देशानुसार परीक्षाएं आयोजित होंगी और मूल्यांकन करवाया जाएगा। चुनाव ड्यूटी पर भी संबंधितों को जाना है।