सीआरपीएफ के जवान ने खुद को मारी ली गोली
सीआरपीएफ -80 बटालियन के कैंप में हुई वारदात। मामले में कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं। पुलिस जुटी जांच में।
भास्कर न्यूज - जगदलपुर
नए बस स्टैंड में स्थित सीआरपीएफ-80 बटालियन के कैंप में एक जवान ने खुद को अपनी इंसास से गोली मार ली। घटना मंगलवार शाम ५ बजे के आसपास की बताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद सीआरपीएफ के अफसर जवान को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार मूलत: यूपी के बागपत जिले के ढिकवली इलाके के चांदीनगर थाना क्षेत्र में रहने वाला 32 वर्षीय कपिल डाका कुछ दिनों पहले ही छुट्टी से घर लौटा था। इसके बाद उसने खुद को गोली मार ली। घटना के बाद से इस मामले में न तो जिला पुलिस के अफसर कुछ बोल रहे हंै और न ही सीआरपीएफ की ओर से कोई अधिकृत बयान आया है। समाचार लिखे जाने तक यह साफ नहीं हो पाया था कि जवान ने खुद को किसलिए गोली मारी है।
गोली चलने की सूचना पर पहले बोधघाट टीआई बीएस खुंटिया व सिटी कोतवाली टीआई विकास ठाकुर भी हास्पिटल पहुंचे थे। इसके बाद सीआरपीएफ कैंप में जांच के लिए बोधघाट टीआई पहुंचे थे। उनके साथ फारेंसिक एक्सपर्ट बी सूरी बाबू ने भी घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। कैंप के अंदर पुलिस अफसरों को भी बड़ी मुश्किल से जाने दिया गया। वहीं मीडिया को कैंप में प्रवेश ही करने नहीं दिया गया।