- Hindi News
- कोंडागांव आएगा टाउन प्लानिंग के दायरे में
कोंडागांव आएगा टाउन प्लानिंग के दायरे में
भास्कर न्यूज - जगदलपुर
कोंडागांव को टाउन प्लानिंग के दायरे में लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गुरुवार को प्रारूप के प्रकाशन के साथ ही दावा आपत्ति का सिलसिला आरंभ हो जाएगा। महीने भर की अवधि में मिले सुझाव व आपत्तियों का निराकरण संचालक स्तर से किया जाएगा। इसके बाद कोंडागांव शहर में भवन आदि के निर्माण से पहले विधिवत तौर पर नक्शा पास करवाना जरूरी होगा। इसका अधिकार नगरपालिका परिषद को होगा, लेकिन टाउन प्लानिंग के आधार पर तय किए गए उपयोगिता के अनुसार ही भवन का नक्शा पास किया जाएगा।
छग नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम के तहत कोंडागांव विकास योजना के प्रारूप का प्रकाशन 30 जनवरी को सांसद दिनेश कश्यप करेंगे। इसके साथ ही प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। जिसमें नगर के विभिन्न हिस्सों का नक्शे के साथ उपयोगिता प्रदर्शित की जाएगी। कोंडागांव निवेश क्षेत्र में रहने वालों को अपनी भूमि के उपयोग की जांच करने को कहा गया है। जिसके बाद यदि कोई आपत्ति अथवा सुझाव हों तो उसे प्रस्तुत किया जा सकेगा। इसी के आधार पर संचालक द्वारा सुनवाई के बाद नए सिरे से योजना में संशोधन कर इसे अंतिम रुप दिया जाएगा। इसके बाद कोंडागांव क्षेत्र के लोगों को भी उपयोगिता के आधार पर ले आउट अथवा भवन निर्माण के लिए नक्शा का अनुमोदन होने के बाद ही भवन निर्माण की अनुमति मिल सकेगी।