- Hindi News
- जवान था तनाव में इसलिए मार ली खुद को गोली
जवान था तनाव में इसलिए मार ली खुद को गोली
भास्कर न्यूज - जगदलपुर
सीआरपीएफ जवान ने खुद को इंसास से मार ली थी गोली। जांच में जुटी पुलिस को पता चला कि तनाव में था जवान। छुट्टी काट कर घर से लौटने के बाद सजा से था परेशान।
सीआरपीएफ 80 बटालियन के जवान ने मंगलवार की दोपहर खुद को इंसास से गोली मार ली थी। घटना के बाद से सीआरपीएफ के अफसरों ने मामले में चुप्पी साध रखी है। घटना की जांच में जुटी पुलिस को कई महत्वपूर्ण तथ्य व जानकारियां मिली हैं। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जवान कपिल डाका छुट्टी काट कर जब वापस कैंप लौटा तो उसे किसी बात को लेकर अफसरों ने सजा दी। जवान इसी के बाद से तनाव में था हालांकि पुलिस या सीआरपीएफ के आला अफसर इस तरह की बात से अधिकृत तौर पर बयान देने से बच रहे हैं। घटना के बाद से सीआरपीएफ के अफसर पूरे मामले में अपना पक्ष बताने को तैयार नहीं हैं। वहीं पुलिस जांच करने की बात कह रही है। पुलिस की विस्तृत जांच और घायल जवान के बयान के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
बोधघाट टीआई बीएस खुटिया ने बताया कि अभी जवान होश में नहीं है। उसके बयान के बाद ही तस्वीर साफ हो पाएगी। इस मामले में अभी सीआरपीएफ के अफसर भी कुछ नहीं बोल रहे है। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।