संग्रहण केंद्र में पहुंचा धान
भास्कर न्यूज - जगदलपुर
खरीदी केंद्रों से धान का उठाव कर खाद्य विभाग ने बिरिंगपाल के संग्रहण केंद्र में भंडारण शुरू कर दिया है। अब तक 16 हजार 91 क्विंटल धान का भंडारण किया जा चुका है।
जिसमें पतला धान 9372 और मोटे धान की मात्रा 6718 क्विंटल है। यह स्थिति तब है जब कांकेर जिले में धान का संग्रहण बहुत पहले से किया जा रहा है। सहायक खाद्य अधिकारी टीआर ठाकुर ने बताया संभाग में 138 मिलर्स के द्वारा धान का उठाव किया जा रहा था।
उठाव सुनिश्चित रूप से करने के लिए मिलर्स को एफडी की राशि बढ़ाकर जमा करवाने के बाद धान का संग्रहण उनकी सुविधा के अनुसार करने की छूट दी गई थी। मिलर्स ने भी विभाग की इस कवायद को मानते हुए दो करोड़ रुपए से अधिक राशि एफडी के रूप में जमा की। बावजूद इसके धान का उठाव उम्मीद के मुताबिक नहीं हो रहा था। जिसके बाद ही यह निर्णय लिया गया। धान का उठाव सुचारू रूप से नहीं होने के कारण बस्तर, तोकापाल, जगदलपुर तथा बकावंड ब्लाक के अधिकतर खरीदी केंद्रों में किसानों को रात गुजारने की मजबूरी बनी हुई थी वहीं खरीदी बंद होने की बात भी सामने आ रही थी।