रमतिल और मक्का दे रहा है राहत
भास्कर न्यूज - जगदलपुर
कृषि उपज मंडी में रमतिल व मक्के की बढ़ी आवक। हर दिन पहुंच रहा है 100-150 बोरा, हमाल भी पंहुचे मंडी।
कृषि उपज मंडी में इन दिनों उपमंडियों से वनोपज और अनाज के साथ ही किसानों के उत्पादित फसलों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। हर दिन 100-120 बोरा रमतिल की आवक हो रही है। वहीं मक्का भी बड़े पैमाने पर पहुंच रहा है। रेट अधिक होने के चलते मंडी कारोबारियों की संख्या बढऩे की बात मंडी अधिकारियों द्वारा कही जा रही है। कृषि उपज मंडी से मिली जानकारी के मुताबिक मक्के का रेट 1150-1160 और रमतिल का 3500-4100 रुपए के बीच चल रहा है। इसके और अधिक बढऩे की संभावना है। ज्ञात हो कि मंडी में अधिकतर आवक स्थानीय स्तर से हो रही है। दियारी त्योहार के बाद हमाल भी अब मंडी में पहुंचने लगे हैं। कुछ दिनों पहले हमालों के दियारी त्योहार में जाने के चलते मंडी के कारोबार पर इसका विपरीत प्रभाव पड़ रहा था।
मंडी इंस्पेक्टर जोहन लाल धुर्वे ने बताया कि मंडी में सबसे अधिक आवक रमतिल व मक्के की हो रही है। अन्य कुछ अनाज भी आ रहे हैं, लेकिन उनकी मात्रा काफी कम है। मिलर्स नहीं आने के चलते इसका असर उठाव पर पड़ रहा है। अधिकतर आवक स्थानीय स्तर से हो रही है। जिसका फायदा किसानों व मंडी कारोबारियों को मिल रहा है।