बैठक के आसार नहीं, कामरोको आंदोलन 24 से
जगदलपुर। एनएमडीसी स्टील प्लांट में नौकरी की मांग करते भू अधिग्रहण से प्रभावितों ने शुक्रवार से काम रोको आंदोलन करने का निर्णय ले लिया है। बस्तर किसान विकास मंच के संयोजक लैखन बघेल ने बताया कि कलेक्टर की ओर से उन्हें यह बताया गया है कि पुनर्वास समिति की 23 फरवरी 2013 को हुई बैठक में सभी विषयों पर चर्चा की जा चुकी है। इसके अलावा इस समय प्रभारी मंत्री नियुक्त नहीं होने से पुनर्वास समिति की बैठक नहीं हो पा रही है। क्योंकि बैठक की अध्यक्षता प्रभारी मंत्री ही करते हैं। इस जवाब के बाद मंच के पदाधिकारियों की आपात बैठक हुई जिसमें 24 जनवरी से काम रोको आंदोलन का निर्णय लिया गया। आंदोलनकारियों के अनुसार 25 जनवरी से आमरण अनशन और 28 जनवरी को रेल रोको आंदोलन किया जाएगा। लैखन बघेल के अनुसार बुधवार को विधायक संतोष बाफना, बस्तर चेंबर ऑफ कामर्स व बस्तर परिवहन संघ के पदाधिकारी नगरनार पहुंच कर क्रमिक भूख हड़ताल स्थल पर प्रभावितों से चर्चा की। उन्होंने प्रभावितों की मांग को जायज बताते हुए मंच को अपना नैतिक समर्थन देने की बात कही है।
पूर्व में इस्पात संयंत्र के प्रभावितों ने 20 जनवरी से अनिश्चित कालीन काम रोको आंदोलन करने का निर्णय लिया था। जिसके बाद एसडीएम चंदन कुमार ने एनएमडीसी के महाप्रबंधक((पर्सनल)) के साथ प्रभावितों से चर्चा कर काम रोको आंदोलन टालने पर सहमत कर लिया था। उन्होंने एनएमडीसी की ओर से प्रभावितों को अंतरिम राहत के तौर पर आजीविका भत्ता देने की बात कही थी।