- Hindi News
- युवा कांग्रेस का संगठन चुनाव करें बंद : निर्वाणी
युवा कांग्रेस का संगठन चुनाव करें बंद : निर्वाणी
भास्कर न्यूज - बेमेतरा. कांग्रेस नेता डॉ सौरभ निर्वाणी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के एक महीने पहले लिखे पत्र में युवा कांग्रेस व एनएसयूआई के संगठन चुनाव को बंद करने की मांग की है? निर्माणी का मानना है कि संगठन चुनाव से गुटबाजी व पार्टी का अहित हो रहा है। उन्होंने शंका जाहिर की है कि चुनाव जीतने के लिए प्रत्याशी गैर लोकतांत्रिक तरीका अपनाते हैं।
उनका मानना है कि इस तरह के चुनाव से पार्टी लगातार कमजोर हो रही तथा जिसके विपरीत नतीजे भी आने लगे हैं। उनका कहना है कि फेस बुक जैसे सोशल साइट से फोटो डाउन लोड करके फर्जी सदस्य भी वोटर के बतौर तैयार किए जा रहे हैं। हालात ऐसे बन जाते हैं कि प्रत्याशी अपहरण जैसे तरीके भी अपनाने लगते हैं। डॉ. निर्वाणी का मानना है कि यदि युवा अवस्था में ही चुनाव जीतने के लिए गलत तरीके अपनाए जाने लगेंगे तो उनसे एक अच्छे राजनीतिज्ञ की कल्पना नहीं की जा सकती है। प्रदेश किसान कांग्रेस के महासचिव एवं एन एस यू आई के पूर्व जिला अध्यक्ष रितेश शर्मा का कहना है संगठन चुनाव से सिर्फ और सिर्फ गुटबाजी को बढ़ावा मिला है, चुनाव के आड़ में जमकर चंदे बाजी होती है और यह फैसला तुरंत वापस लिया जाना चाहिए उन्होंने कहा की जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को मनोनीत किया जा सकता है तो इन युवा संगठनों में क्यों नहीं। शर्मा का कहना है कि कांग्रेस के नियमों व अनुशासन व सिद्धांतों की जिन्हें जानकारी नहीं है ऐसे लोग संगठन चुनाव के समय सक्रिय हो जाते हैं। बिलासपुर में हुई चाकू बाजी कि घटना इस चुनाव कि हकीकत बनते जा रही है।