- Hindi News
- बेमेतरा जिले को प्रदेश में अव्वल स्वच्छ जिला बनाने जुट जाएं अफसर : डॉ.बसव
बेमेतरा जिले को प्रदेश में अव्वल स्वच्छ जिला बनाने जुट जाएं अफसर : डॉ.बसव
भास्कर न्यूज - बेमेतरा
निर्मल भारत अभियान के तहत जिले में गठित जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक बुधवार को कलेक्टर डॉ. बसवराजु एस. की अध्यक्षता में हुई।
कलेक्टर कक्ष में आयोजित उक्त बैठक में एजेंडावार चर्चा की गई। कलेक्टर डॉ. राजु ने निर्मल ग्राम बनाने के मामले में जिले को प्रदेश में अव्वल स्थान दिलाने अधिकारियों को हर सम्भव प्रयास करने के निर्देश दिये। उन्होंने जिले में निर्मल ग्राम हेतु चयनित दस गांवों के साथ जिले के अन्य गांवों में भी शौचालय निर्माण कार्य अभियान चलाकर पूर्ण करने के निर्देश पीएचई विभाग के अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने कहा कि ग्राम पंचायत व सभी जनपद पंचायतों में निर्मल भारत अभियान संबंधी जानकारी पोस्टर, पंपलेट, वाल पेंटिंग के माध्यम से प्रचार-प्रसार व शौचालय के मॉडल निर्माण कर प्रदर्शित किया जाए। जिले के निर्मल ग्राम हेतु चयनित दस गांवों के लिए एक-एक जिला स्तर के अधिकारियों को कार्यों का दायित्व सौंपा जाए। कलेक्टर ने मनरेगा के अंतर्गत स्वीकृत शौचालय निर्माण के लिए जिला ग्रामीण विकास अभिकरण और पी. एच.ई. विभाग को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री निर्मल शाला पुरस्कार अंतर्गत प्रस्तावित शालाओं के सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर पूर्व माध्यमिक शाला मुरता, शासकीय प्राथमिक शाला पंचभैया एवं शासकीय प्राथमिक शाला गोपालपुर ((टिप्पनी)) को अनुमोदित किया गया। इसी प्रकार निर्मल भारत अभियान अंतर्गत जिला जल एवं स्वच्छता समिति दुर्ग से राशि की मांग का भी अनुमोदन किया गया। इसके अलावा विकासखंड संसाधन केन्द्र स्थापना अंतर्गत रिक्त पदों की पूर्ति, संकुल समन्यवकों के सेवा वृद्धि, प्रस्ताविक मुख्यमंत्री निर्मल शाला पर डाक्यूमेंट्री फिल्म बनाने समिति द्वारा शासन के मार्गदर्शी निर्देशों के तहत कार्य करने की सहमति दी गई। बैठक में हेमंत उपाध्याय, हरजीत सिंह होरा, डॉ. एनके यदु, समीर शर्मा, एसडीओ पीएचई श्री बोरकर आदि शामिल थे।