- Hindi News
- परसोदा के एनएसएस शिविर में 250 मरीजों की हुई जांच
परसोदा के एनएसएस शिविर में 250 मरीजों की हुई जांच
डॉक्टर ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद मरीजों को दवाइयां भी दी।
भास्कर न्यूज - बालोद
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झलमला के तत्वावधान में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर ग्राम परसोदा में हुआ। शिविर में डा. प्रदीप जैन ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर 250 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर मुफ्त में दवाइयां दी। पीएचई के एसआर सोनखुसरे ने हैंडपंप, तालाब के घाटों पर सफाई एवं स्वच्छ जल के महत्व को समझाया। महिला बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी पीआर खुंटेल ने बच्चों एवं महिलाओं को कुपोषण की रोकथाम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
शिविर स्वामी विवेकानंद के प्रेरक वाक्य स्वस्थ भारत के स्वस्थ युवा के उद्देश्य से लगाया गया था। शिविर की शुरूआत प्रतिदिन सुबह पांच बजे प्रभातफेरी से होती थी। स्वयंसेवकों को योगाभ्यास कराया गया। योजना कार्य के अंतर्गत गांव, गलियों की साफ-सफाई की गई। हैंडपंप, ताला, नदी के घाटों की सफाई की गई ताकि गांव के लोग प्रेरित होकर साफ-सफाई के महत्व को समझें एवं जीवन में उतारे। दोपहर में बौद्धिक परिचर्चा में क्षेत्र के विशेषज्ञों को आमंत्रित कर व्याख्यान कार्यक्रम होता था। जिसमें स्वास्थ्य, कृषि, स्वच्छता, व्यक्ति विकास, विधि साक्षरता, बाल विकास कुपोषण, पशुधन विकास आदि समसामयिक विषयों पर चर्चा कर स्वयंसेवकों के साथ-साथ ग्रामीणों को भी जागरूक किया गया।
ग्राम संपर्क के अंतर्गत लोगों से उनकी समस्याओं से अवगत होना, समस्याओं कस हन बताना, सर्वे कर उनको उत्तरदायित्वों का ज्ञान कराना जैसे कार्य किये गए।
कार्यक्रम समन्वयक एमएल साहू एवं प्राचार्य टीआर साहू के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में सरपंच भोलाराम साहू, जनपद सदस्य मनोहर सिन्हा, शिवराम साहू, सुनील साहू, पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीणों का सहयोग रहा।