- Hindi News
- कलेक्टर करते रहे हरी झंडी का इंतजार, नाराज होकर लौटे
कलेक्टर करते रहे हरी झंडी का इंतजार, नाराज होकर लौटे
बालिकाओं की रैली को महिला बाल विकास विभाग की सभापति व डीईओ ने हाथ दिखाकर किया रवाना। कार्यक्रम में समय पर नहीं पहुंचे विभाग के जिम्मेदार अफसर।
भास्कर न्यूज - बेमेतरा
शुक्रवार को बेसिक स्कूल मैदान पर बालिका दिवस का कार्यक्रम अव्यवस्था की भेंट चढ़ गया। बालिकाओं की रैली को हरी झंडी दिखाने के लिए कलेक्टर डॉ. बसवराजु एस को एक घंटा तक इंतजार करना पड़ा। अंतत: झंडी नहीं पहुंचने पर वे नाराज होकर बैरंग लौट गए। इसके बाद महिला बाल विकास विभाग की सभापति निवेदिता जोशी व डीईओ हेमंत उपाध्याय ने हाथ हिलाकर रैली को रवाना किया।
जिला महिला बाल विकास विभाग ने बालिका दिवस मनाने के लिए जिले के सभी गल्र्स स्कूलों से 20-20 छात्राओं को बुलाया था। बेसिक स्कूल मैदान पर 500 मीटर स्कूली छात्राओं की रैली निकालनी थी। कार्यक्रम सुबह 10 बजे रखा गया था। लेकिन विभाग के एक भी जिम्मेदार अफसर 10 बजे तक मौके पर नहीं पहुंच पाए थे। रैली को हरी झंडी दिखाने के लिए कलेक्टर डॉ. बसवराजु एस भी समय पर पहुंच गए थे। झंडी नहीं पहुंचने पर वे नाराज होकर चले गए। इसके बाद महिला व बाल विकास विभाग के जिला अधिकारी हेमंत साहू व परियोजना प्रभारी किरण श्रीवास्तव पहुंचे। तब आनन फानन में 11.30 बजे बालिकाओं की रैली निकाली गई। रैली बेसिक ग्राउंड के किनारे से होते हुए सामुदायिक भवन कार्यक्रम स्थल पहुंची, जहां 11 से 19 साल की बालिकाओं को उनके अधिकार, शिक्षा व स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी गई। सामुदायिक भवन में मंचीय कार्यक्रम में कलेक्टर शामिल हुए और कार्यक्रम की जानकारी ली।
॥जिला शिक्षा अधिकारी से आदेश मिलने पर बेमेतरा शहर के सभी स्कूलों से 11 से 19 साल के 20-20 छात्राओं को कार्यक्रम में शामिल होने बुलाया गया था। कार्यक्रम में काफी देरी होने के कारण स्कूली छात्राओं को मध्यान्ह भोजन भी नहीं मिला।ञ्जञ्ज
एके खरे, एबीईओ, बेमेतरा
॥किशोरी बालिका दिवस कार्यक्रम की संपूर्ण जिम्मेदारी परियोजना प्रभारी किरण श्रीवास्तव को दी गई थी। मुझे कलेक्टर मीटिंग में जाना था। इसलिए देरी हो गई।ञ्जञ्ज
हेमंत साहू, जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला व बाल विकास विभाग
विभाग की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी
जनपद सदस्य व महिला विकास विभाग की सभापति निवेदिता जोशी ने बताया कि आनन-फानन में बालिका दिवस मनाना ठीक नहीं है। 10 बजे रैली में शामिल होने के लिए उन्हें आमंत्रित किया गया था। 11 बजे तक बैनर-पोस्टर, झंडी व विभाग के कोई भी जिम्मेदार अफसर नहीं पहुंचे थे। इसकी शिकायत कलेक्टर से मौके पर ही की गई। बालिका दिवस मनाने के लिए शुक्रवार को सुबह 10 बजे रैली व दोपहर 12 बजे गांधी भवन में किशोरी बालिकाओं को जानकारी देना था। इसमें स्वास्थ्य विभाग को भी शामिल करना था। लेकिन औपचारिकताओं में ही सिमट कर रह गया।
महिला विकास विभाग की सभापति ने कलेक्टर से की अफसरों की शिकायत
कलेक्टर के जाने के बाद महिला व बाल विकास विभाग की सभापति निवेदिता जोशी व डीईओ हेमंत उपाध्याय ने हाथ हिलाकर रैली को रवाना किया।
दिनभर भूखी रही छात्राएं
शिक्षा विभाग के आदेश पर महिला बाल विकास विभाग के कार्यक्रम में शामिल होने नवागढ़ ब्लॉक के अंधियारखोर हाईस्कूल से आई छात्राएं दिनभर भूखी रही। छात्रा जागृति गुप्ता, अनुदहिया व साधना गंधर्व ने बताया कि रैली के बाद तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता में शामिल होने के कहा गया ता। लेकिन उन्हें शामिल नहीं किया गया। खाने के लिए आधा पैकेट बिस्कुट दिया गया था। अंधियारखोर शासकीय हाईस्कूल के प्रभारी प्राचार्य एसके झा ने बताया कि नवागढ़ बीईओ के आदेश पर 20 बालिकाओं को प्रतिभागी के रूप में शामिल करने लेकर आया था। लेकिन छात्राओं को अवसर ही नहीं दिया गया। बच्चों को भूखा भी रहना पड़ा।
बालिका दिवस - जिला महिला व बाल विकास विभाग के कार्यक्रम में अव्यवस्था का आलम