एसडीओ की सीमा के बीच फंसी सड़क
भास्कर न्यूज - बालोद
जिला मुख्यालय से 18 किलोमीटर दूर भेंगारी से हल्दी ((शीशम चौक पसौद मोड़ तक महज डेढ़ किलोमीटर मार्ग का दोबारा मरम्मत नहीं हो पाया है। लगभग आठ साल पहले इस मार्ग का डामरीकरण हुआ था। उसके बाद न ही पीडब्ल्यूडी विभाग और न ही शासन ने इस मार्ग के संधारण की ओर ध्यान दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि डेढ़ किमी मार्ग बालोद व गुंडरदेही एसडीओ की सीमा के बीच फंसा है। दो एसडीओ के बीच फंसे होने व दोबारा इस मार्ग का मरम्मत नहीं होने के कारण उक्त मार्ग पर आने-जाने वाले राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी में धूल उडऩे व बरसात में इस मार्ग पर कीचड़ के कारण राहगीर, आसपास के ग्रामीणों को भी दिक्कत होती है।
नहीं दे रहे ध्यान
गुंडरदेही एसडीओ हल्दी मोड़ तक ही मरम्मत करते हैं। वहीं बालोद एसडीओ भेंगारी मोड़ तक ही मरम्मत करते हैं। दोनों के बीच की दूरी के जीर्णोद्धार के लिए शासन ध्यान नहीं दे रहा है।
स्कूली बच्चे परेशान
छात्रा रोमिन साहू, सीमा साहू, मोनिका साहू ने बताया कि डामर की परत उखड़ जाने से मार्ग पर गिट्टी बिखरी है। इससे उन्हें साइकिल से गिरकर घायल होने का डर लगा रहता है।
भेंगारी से हल्दी सड़क का आठ साल से डामरीकरण नहीं हुआ है।
एक बार डामरीकरण के बाद मुंह फेरा
ग्रामीण कामता साहू, पुनीत साहू, मनहरण सिन्हा व लोकेंद्र साहू ने बताया कि महज एक बार ही इस मार्ग का डामरीकरण के बाद दोबारा डामरीकरण व मरम्मत तो दूर की बात उक्त मार्ग पर मुरुम भी नहीं डाला गया है। जिसके कारण डामर की परत उखड़ जाने से मार्ग पर सैकड़ों गड्ढे है। गड्ढे के कारण साइकिल, बाइक, चारपहिया व अन्य वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को इस मार्ग पर बैलगाड़ी के माध्यम से कृषि कार्य के लिए सामान लाने ले जाने में परेशानी हो रही है।
भेंगारी से हल्दी मोड़ मार्ग की मरम्मत नहीं, गिट्टी व गड्ढों से बढ़ी दुर्घटना की आशंका