परेड का रिहर्सल करने में जुटे छात्र
गणतंत्र दिवस पर स्टेडियम में 18 विभागों के अलावा शैक्षणिक संस्थाओं की चलित व जीवंत झांकी प्रदर्शित की जाएगी।
भास्कर न्यूज - बालोद
शहर में गणतंत्र दिवस पर्व की तैयारी शुरू हो गई है। जिला प्रशासन ने अधिकारियों की मीटिंग के बाद तैयारी को तेज कर दिया है। मुख्य समारोह स्थल सरयूप्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में बेरिकेट्स व पंडाल लगाए जा रहे हैं। मैदान में सीएम के आगमन के समय मैदान के बीचों बीच लगे बेरिकेट्स को निकाला जा रहा है। ताकि मार्चपास्ट करने में बाधा न हो।
स्कूलों में बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी कर रहे हैं। एनसीसी, स्काउट गाइड वाले प्रेक्टिस में जुटे है। बैंडबाजे की ताल स्कूलों में सुनाई देने लगी है। एक बार फिर जिला मुख्यालय छावनी में तब्दील होने वाला है। पुलिस टीम भी लगातार गश्त कर रही है। सुरक्षा के लिहाज से चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। प्रभातफेरी के दौरान मुख्य मार्गों में कुछ देर के लिए भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। प्रमुख सरकारी दफ्तर व संस्थानों में ध्वजारोहण के लिए चबूतरा बनाया जा रहा है। संस्था प्रमुख अपने संस्थान में सुबह ध्वजारोहण करेंगे। स्कूलों में 7.30 बजे ध्वजारोहण होगा। सभी स्कूलों के बच्चों की प्रभातफेरी निकलकर स्टेडियम पहुंचेगी। जहां 9 बजे मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण मंत्री रमशीला साहू ध्वजारोहण करेंगी। सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों के बच्चे अपनी विशेष ड्रेस में मार्चपास्ट, परेड का प्रदर्शन करेंगे। लगभग 18 विभाग समेत शैक्षणिक संस्थाओं की चलित झांकी प्रदर्शित की जाएगी।कान्हा पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव 26 को मनाया जाएगा। सुबह 7.30 बजे ध्वजारोहण होगा। मुख्य अतिथि रिटायर्ड प्राचार्य आरडी दास होंगे।
सरकारी भवन जगमगाएंगे
इस राष्ट्रीय पर्व के दिन सभी सरकारी भवन रोशनी से जगमगाएंगे। कलेक्टर अमृत खलको ने इस संबंध में अधिकारियों को कड़ाई से निर्देश दिया है। यदि कोई विभाग इस दिन अंधेरे में रहता है तो संस्था प्रमुख पर अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है। 26 जनवरी की पूर्व संध्या से ही भवनों को सजाने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। स्कूलों में देश भक्ति गीत सुनाई देंगे।
राजहरा खदान समूह की झांकी गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने के लिए रवाना हुई।
गणतंत्र दिवस परेड के लिए मार्च पास्ट की तैयारी करते एक्सीलेंट पब्लिक स्कूल के छात्र।
तैयारी - सरयूप्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह, लगाए जा रहे बैरिकेड्स व पंडाल, पुलिस भी अलर्ट