- Hindi News
- बारदाना नहीं, 15 दिन में 47 केंद्रों में बंद हुई धान खरीदी
बारदाना नहीं, 15 दिन में 47 केंद्रों में बंद हुई धान खरीदी
110 में से 47 केंद्रों में खरीदी बंद। बारदाने की कमी अब बनती जा रही है मुसीबत। ऊपर से ही नहीं हो रही है सप्लाई।
भास्कर न्यूज - बालोद
दो सप्ताह से ज्यादा दिन हो गए जिले के धान खरीदी केंद्रों में बारदाने नहीं पहुंचे। किसान धान बेचने के लिए भटक रहे हैं। बारदानों की सप्लाई करने वाली कोलकाता की एक कंपनी से ही बारदाने नहीं आ रहे हैं। इससे एक के बाद एक केंद्रों में खरीदी बंद होती जा रही है। वहीं ऐसे केंद्रों में बारदाने उपलब्ध है जहां अब खरीदी अंतिम चरण पर है। वहीं ऐसे केंद्र जहां आखिरी दिन तक आवक रहती है। वहां एक भी बारदाना नहीं है।
जिले के 69 सेवा सहकारी समिति के तहत 110 केंद्र संचालित है। जिसमें दो सप्ताह के भीतर 47 केंद्रों में धान खरीदी ठप हो गई है। इसमें कुछ केंद्र ऐसे भी है जहां 500 से 1000 बारदाने है लेकिन किसान संख्या ज्यादा होने के कारण समिति वाले खरीदी बंद कर दिए है। समिति प्रबंधक व अध्यक्षों का कहना है कि जब पर्याप्त बारदाना हो जाएगा तो खरीदी चालू करेंगे। 500 बारदाना किसे दें, किसे न दें। किसानों में विवाद हो जाएगा। कुछ केंद्र में तो गिनती के 7, 38, 35, 11, 16, 13, 12 बारदाना ही बचा है। जहां 15 दिन से ज्यादा समय से खरीदी बंद है।
इन केंद्रों में खरीदी बंद : जिले के अर्जुंदा, चंदनबिरही, कोड़ेवा, गब्दी, जेवरतला, धनेली, सोरर, कुंआगोंदी, कंवर, गुजरा, कांदुल, कोटगांव, कोचेरा, खप्परवाड़ा, गुरेदा, खमतराई, खेरथा, खरसुनी, गैंजी, कनेरी, भरदा, गुदुम, संबलपुर, धनोरा, नवागांव, परसोदा, अरकार, पायरा, कोबा, पिनकापार, कुरदी, पिरीद, पीपरछेड़ी, बेलौदी, अछोली, भंवरमरा, मिर्रीटोला, रजोली, सांकरा ((ज)), राहुद, हल्दी में खरीदी बंद है।
॥हमने उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा है। जैसे ही बारदाना यहां पहुंचेगा, सोसाइटियों को भेजा जाएगा।ञ्जञ्ज आरएस यादव, डीएमओ बालोद
फैक्ट फाइल
:जिले में कुल प्राप्त मानक बारदानों की संख्या 41 करोड़ 17 लाख 38 हजार 289
:शेष बारदानों की संख्या - 2 लाख 90 हजार 72
:जिले में अब तक कुल धान खरीदी - 44 लाख 68 हजार 421 क्विंटल 40 किलो।
कांदुल सोसाइटी में बंद है धान खरीदी।